New Delhi News: रूसी सेना में शामिल हुए भारतीयों को लेकर विदेश मंत्रालय ने अहम आंकड़े जारी किए हैं। विदेश सचिव विक्रम मिसरी के अनुसार सेना में भर्ती 227 भारतीयों में से 139 को सेवामुक्त कर दिया गया है। वहीं दुर्भाग्यवश इस दौरान 51 भारतीय नागरिकों की मौत हो गई है।
मास्को के साथ लगातार संपर्क में भारत सरकार
विदेश सचिव ने प्रधानमंत्री की किर्गिजस्तान यात्रा के दौरान आयोजित प्रेस ब्रीफिंग में यह जानकारी साझा की। उन्होंने स्पष्ट किया कि रूसी सेना में भारतीयों की भर्ती का मामला मॉस्को के समक्ष उच्च स्तर पर उठाया गया है। भारत सरकार बचे हुए सभी नागरिकों को सुरक्षित वापस लाने के लिए बातचीत कर रही है।
बाकी बचे नागरिकों की वापसी के प्रयास जारी
मिसरी ने बताया कि मॉस्को स्थित भारतीय दूतावास पूरे हालात पर लगातार नजर बनाए हुए है। रूसी अधिकारियों के साथ मिलकर बाकी भारतीयों की जल्द रिहाई और सुरक्षित वतन वापसी की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। विदेश मंत्रालय इस संवेदनशील मामले पर दोनों देशों के बीच लगातार राजनयिक संवाद बनाए हुए है।