हिमाचल में स्कूलों के डमी दाखिलों पर कसने लगा शिकंजा, शिक्षा बोर्ड ने दी सख्त कार्रवाई की कड़ी चेतावनी

Share

- Advertisement -

Dharamshala News: हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड ने प्रदेश के स्कूलों में फर्जी और डमी दाखिलों (कागजी एडमिशन) को रोकने के लिए कमर कस ली है। बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा ने सभी संबद्ध स्कूलों को इस गड़बड़ी से दूर रहने की चेतावनी दी है। शिकायत सही पाए जाने पर दोषी संस्थानों की मान्यता रद्द करने समेत कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

बोर्ड अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा ने स्पष्ट किया कि केवल बोर्ड परीक्षा में शामिल होने या स्कूलों में एनरोलमेंट बढ़ाने के लिए दाखिला देना पूरी तरह गलत है। उन्होंने स्कूल प्रबंधनों और प्रिंसिपलों को सख्त निर्देश दिए कि छात्रों की क्लास में रोजाना अटेंडेंस का सही और अपडेटेड रिकॉर्ड रखना अनिवार्य होगा।

प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के नाम पर नियमित कक्षाओं से गायब रहने के बढ़ते चलन पर बोर्ड ने गहरी चिंता जताई है। डॉ. शर्मा ने कहा कि कोचिंग के लिए स्कूलों से दूरी बनाना छात्र के भविष्य के लिए सही नहीं है। एक विद्यार्थी के सर्वांगीण विकास के लिए रोजाना स्कूल आना बहुत जरूरी है।

उन्होंने आगे कहा कि सही शिक्षा के लिए नियमित कक्षा-अध्ययन, अध्यापकों का उचित मार्गदर्शन, प्रैक्टिकल वर्क और अन्य एक्टिविटीज में हिस्सा लेना बेहद जरूरी है। बोर्ड ने चेतावनी दी है कि डमी एडमिशन की शिकायत पर जांच में सच सामने आते ही संबंधित स्कूल और परीक्षा केंद्र के खिलाफ बोर्ड नियमों के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Mohit
Mohit
पत्रकारिता के क्षेत्र में 9 सालों का अनुभव।

Read more

Related News