हिमाचल में कांग्रेस सरकार के खिलाफ आंदोलन छेड़ेगी बीजेपी, सितंबर में 170 स्थानों पर प्रदर्शन और 17 जिला स्तरीय रैलियां करेंगी

Share

- Advertisement -

Shimla News: हिमाचल प्रदेश बीजेपी शिमला स्थित मुख्यालय दीपकमल चक्कर में आयोजित प्रदेश स्तरीय बैठकों के बाद राज्य सरकार के खिलाफ बड़ा आंदोलन शुरू करने जा रही है। पार्टी सितंबर महीने में स्थानीय समस्याओं को लेकर 170 स्थानों पर जन आंदोलन करेगी। इसके साथ ही महिला संबंधी मुद्दों पर 17 जिला स्तरीय प्रदर्शन आयोजित किए जाएंगे।

बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कहा कि कांग्रेस ने चुनाव से पहले युवाओं, महिलाओं और बेरोजगारों से बड़े-बड़े वादे किए थे। सत्ता में आने के बाद सरकार अपनी गारंटियां पूरी करने में पूरी तरह असफल साबित हुई है। इसी के विरोध में पार्टी पूरे प्रदेश में सड़कों पर उतरकर जनता की आवाज बुलंद करेगी।

17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर पूरे देश के साथ हिमाचल में ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा। अभियान के पहले दिन 17 सितंबर को राज्य भर में लोग सेवा का संकल्प लेकर विकसित भारत-2047 का दीपक जलाएंगे। इस दौरान पूरे महीने विभिन्न सामाजिक गतिविधियों का आयोजन होगा।

इस अभियान के तहत बच्चों के लिए खास एक्टिविटी होंगी। इसमें ‘मेरा भारत कैसा था, कैसा है और 2047 में कैसा होगा’ विषय पर पेंटिंग और भाषण प्रतियोगिताएं होंगी। इन कार्यक्रमों के जरिए नई पीढ़ी को देश के विकास के प्रति जागरूक किया जाएगा और समाज कल्याण के कार्यों को गति दी जाएगी।

बैठक में बीजेपी के पूर्व राष्ट्रीय सचिव ओम प्रकाश धनखड़, नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, प्रदेश प्रभारी श्रीकांत शर्मा, सह प्रभारी संजय टंडन और संगठन महामंत्री सिद्धार्थन मौजूद रहे। इनके अलावा पूर्व मंत्री बिक्रम ठाकुर, सुरेश भारद्वाज, सतपाल सत्ती, सांसद डॉ. राजीव भारद्वाज, वरिष्ठ नेता सुरेश चंदेल, शिशु धर्मा और पायल वैद्य सहित कई पदाधिकारी शामिल हुए।

Mohit
Mohit
पत्रकारिता के क्षेत्र में 9 सालों का अनुभव।

Read more

Related News