Shimla News: नेता प्रतिपक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने नीट परीक्षा में गड़बड़ी और हिमाचल प्रदेश में पेपर लीक के मामलों पर कांग्रेस सरकार पर तीखा निशाना साधा है। बुधवार को शिमला से जारी बयान में उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार राज्य में हुए पेपर लीक मामलों के दोषियों को बचाने का प्रयास कर रही है।
जयराम ठाकुर ने केंद्र और राज्य सरकार के कदमों की तुलना की
जय राम ठाकुर ने कहा कि केंद्र सरकार ने नीट परीक्षा में गड़बड़ी की बात सामने आते ही तुरंत सीबीआई जांच के आदेश दिए थे। जांच एजेंसियों ने दोषियों को गिरफ्तार किया और री-एग्जाम भी आयोजित कराया। अब परीक्षा का रिजल्ट घोषित हो चुका है और भविष्य में ऐसी घटनाएं रोकने के लिए नए कानून बनाए जा रहे हैं।
पूर्व मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि इसके विपरीत हिमाचल की सुक्खू सरकार ने पेपर लीक मामलों में सीबीआई द्वारा दोषी पाए गए अधिकारियों पर कार्रवाई नहीं की। राज्य सरकार ने उन अधिकारियों को पद से हटाने के बजाय और बड़ी जिम्मेदारियां सौंप दीं। उन्होंने कहा कि सरकार सीबीआई रिपोर्ट को दबाने की लगातार कोशिश कर रही है।
जय राम ठाकुर ने हालिया पुलिस भर्ती परीक्षा का जिक्र करते हुए कहा कि इसमें पेपर लीक के सबूत और मनी ट्रेल सामने आए थे। इसके बावजूद राज्य सरकार ने मामले को दबाने का प्रयास किया। परीक्षा में बड़े पैमाने पर हुई नकल की जानकारी देने वाले छात्रों की बात भी सरकार ने बिल्कुल नहीं सुनी।
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि कांग्रेस पार्टी युवाओं के भविष्य और संवेदनशील मुद्दों पर केवल राजनीति कर रही है। उन्होंने राहुल गांधी से आग्रह किया कि वे हिमाचल के मुख्यमंत्री से पूछें कि पेपर लीक के आरोपियों को क्यों बचाया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस युवाओं को भड़काकर राजनीतिक फायदा उठाना चाहती है।