नाहन पुलिस लाइन में कांस्टेबल भर्ती का शारीरिक परीक्षण संपन्न, 2752 अभ्यर्थी हुए सफल

Share

- Advertisement -

Nahan News: सिरमौर जिले के नाहन पुलिस लाइन में 27 अक्टूबर से 5 नवंबर तक चली पुलिस आरक्षी भर्ती प्रक्रिया सफलतापूर्वक संपन्न हो गई है। पुलिस उप महानिरीक्षक अंजुम आरा की अध्यक्षता में आयोजित इस शारीरिक प्रवीणता और मापदंड परीक्षा में दोनों वर्गों को मिलाकर कुल 2752 अभ्यर्थियों ने सफलता हासिल की है।

हिमाचल प्रदेश लोक सेवा आयोग की ओर से जिले में पुलिस आरक्षी (कांस्टेबल) भर्ती के लिए कुल 9938 अभ्यर्थियों को कॉल लेटर जारी किए गए थे। निर्धारित समयावधि के दौरान कुल 7278 अभ्यर्थियों ने शारीरिक प्रवीणता एवं शारीरिक मापदंड परीक्षा में हिस्सा लिया। पुलिस उप महानिरीक्षक अंजुम आरा की देखरेख में पूरी भर्ती प्रक्रिया निष्पक्ष और सुचारू रूप से संपन्न हुई।

महिला और पुरुष वर्ग के आंकड़े

महिला वर्ग के लिए जारी किए गए 3314 कॉल लेटर के मुकाबले 2620 महिला अभ्यर्थियों ने परीक्षा में भाग लिया, जिनमें से 1177 अभ्यर्थियों ने शारीरिक परीक्षा पास की। वहीं, पुरुष वर्ग में 6332 अभ्यर्थियों को कॉल लेटर भेजे गए थे, जिनमें से 4658 परीक्षा में शामिल हुए और 1575 पुरुष अभ्यर्थियों ने शारीरिक दक्षता परीक्षा उत्तीर्ण की।

अंतिम दिन का परिणाम और समापन

भर्ती प्रक्रिया के अंतिम दिन यानी 5 नवंबर को पुरुष वर्ग के 832 अभ्यर्थियों को कॉल लेटर जारी किए गए थे। इनमें से 570 अभ्यर्थियों ने परीक्षा में हिस्सा लिया, जिसमें 152 अभ्यर्थी सफल रहे। इसी अंतिम चरण के साथ सिरमौर जिले में पुलिस आरक्षी भर्ती का शारीरिक परीक्षण चरण पूरी तरह संपन्न हो गया।

Mohit
Mohit
पत्रकारिता के क्षेत्र में 9 सालों का अनुभव।

Read more

Related News