Mandi News: हिमाचल प्रदेश के मंडी जिला अंतर्गत करसोग उपमंडल में देर रात एक भयानक सड़क हादसा हुआ। माहूनाग के पास अचानक एक कार सड़क पर पलट गई। इस दर्दनाक घटना में एक व्यक्ति की मौके पर जान चली गई। वहीं कार में बैठे दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
हादसा इतना भीषण था कि वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और जोर की आवाज सुनकर स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने काफी प्रयास के बाद घायलों को क्षतिग्रस्त गाड़ी से सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को तुरंत पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया।
माहूनाग सड़क हादसे में घायल दोनों युवकों का चल रहा उपचार
इस दुखद घटना में मोहन सिंह मेहरन की जान चली गई, जिससे पूरे क्षेत्र में मातम पसर गया है। वहीं हादसे में विनीत और चुड़ामणी को गंभीर चोटें आई हैं, जिनका अस्पताल में इलाज जारी है। घटना की खबर मिलते ही मृतक के परिवार में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
सड़क दुर्घटना की सूचना मिलने के तुरंत बाद करसोग पुलिस की टीम ने घटनास्थल का मुआयना किया। डीएसपी करसोग चांद किशोर ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। पुलिस प्रशासन अब इस बात की जांच कर रहा है कि वाहन किन परिस्थितियों में अनियंत्रित होकर सड़क पर पलटा।