मनाली के होटल में मृत मिला इटली का पर्यटक, कमरे से मिले पासपोर्ट और दवाइयां

Share

- Advertisement -

Kullu News: हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले के लोकप्रिय पर्यटन स्थल मनाली में एक निजी होटल के कमरे से इटली के पर्यटक का शव मिलने से सनसनी फैल गई है। मृतक की पहचान फराडे माइकल के रूप में हुई है, जो मनाली के चनाला-जगतसुख स्थित एक होटल में ठहरे हुए थे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है और इतालवी दूतावास को भी सूचना दे दी गई है।

कमरे से बाहर नहीं आने पर हुआ शक

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, इटली निवासी फराडे माइकल मनाली के चनाला-जगतसुख क्षेत्र में स्थित एक निजी होटल के कमरे में ठहरे थे। पिछले करीब एक दिन से उनके कमरे से बाहर न आने और कोई हलचल न दिखने पर होटल प्रबंधन को अनहोनी की आशंका हुई। कर्मचारियों ने इसकी सूचना तुरंत मनाली थाना पुलिस को दी। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जब कमरे का दरवाजा खुलवाया, तो पर्यटक बिस्तर पर मृत अवस्था में पाए गए।

प्रारंभिक जांच में चोट के निशान नहीं मिले

सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और कमरे में मौजूद सामान की तलाशी ली। पुलिस को कमरे से पर्यटक का पासपोर्ट, नकदी, मोबाइल फोन और कुछ दवाइयां बरामद हुई हैं। प्रारंभिक जांच में पर्यटक के शरीर पर चोट का कोई निशान नहीं मिला है। पुलिस के अनुसार, शुरुआती तौर पर यह बात सामने आई है कि फराडे माइकल अस्थमा से पीड़ित थे और अधिक धूम्रपान करते थे, हालांकि मौत के असली कारणों का खुलासा अभी नहीं हो पाया है।

दूतावास को दी गई सूचना, पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा राज

पुलिस ने शव को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मनाली पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। विदेशी नागरिक की इस तरह अचानक मौत होने के बाद पुलिस ने सभी आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी करते हुए इटली के दूतावास को इसकी जानकारी दे दी है। पुलिस का कहना है कि मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विस्तृत चिकित्सकीय जांच के बाद ही पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।

Mohit
Mohit
पत्रकारिता के क्षेत्र में 9 सालों का अनुभव।

Read more

Related News