Manila News: फिलीपींस की राजधानी मनीला में आयोजित क्वाड शिखर सम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। फोटो सेशन से पहले मंच पर अपनी जगह की ओर बढ़ते समय पीएम मोदी की नजर फर्श पर रखे भारतीय ध्वज के प्रतीक पर पड़ी, जिसे उन्होंने तुरंत उठाकर अपनी जेब में रख लिया।
फिलीपींस की राजधानी मनीला में आयोजित क्वाड शिखर सम्मेलन (Quad Summit) के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के एक कदम ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर सभी का ध्यान आकर्षित किया है। सम्मेलन में भारत, अमेरिका, जापान और ऑस्ट्रेलिया के शीर्ष नेता शामिल हुए हैं।
यह घटना उस समय की है जब चारों देशों के नेता सामूहिक फोटो सेशन के लिए मंच पर पहुंच रहे थे। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, जापान की प्रधानमंत्री साने ताकाइची और ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथोनी अल्बनीज के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी मंच पर अपने निर्धारित स्थान की ओर बढ़ रहे थे।
आमतौर पर अंतरराष्ट्रीय सम्मेलनों में नेताओं के खड़े होने की स्थिति तय करने के लिए फर्श पर संबंधित देशों के छोटे प्रतीक चिह्न या झंडे लगाए जाते हैं। जैसे ही प्रधानमंत्री मोदी अपनी जगह के पास पहुंचे, उनकी नजर फर्श पर लगे भारतीय राष्ट्रीय ध्वज के प्रतीक पर पड़ी।
जमीन से तिरंगा उठाकर जेब में रखा, राष्ट्रपति ट्रंप ने भी दी प्रतिक्रिया
सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में देखा जा सकता है कि फर्श पर भारतीय ध्वज का प्रतीक देखते ही प्रधानमंत्री मोदी तुरंत नीचे झुके और सम्मानपूर्वक उसे उठाकर अपनी जेब में रख लिया। इसके बाद उन्होंने बगल में खड़ीं जापानी प्रधानमंत्री साने ताकाइची से इस विषय में संक्षिप्त बातचीत भी की।
इस दौरान पास ही मौजूद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी इस घटनाक्रम को देखा और प्रधानमंत्री मोदी की पीठ पर हाथ रखते हुए कहा कि इसे संभालकर रख लें। राष्ट्रध्वज के प्रति प्रधानमंत्री मोदी की इस संवेदनशीलता की सोशल मीडिया पर सराहना हो रही है।
हिंद-प्रशांत क्षेत्र की सुरक्षा और कूटनीति पर हुई चर्चा
दो वर्षों के अंतराल के बाद मनीला में आयोजित इस क्वाड शिखर सम्मेलन में चारों सदस्य देशों के नेताओं के बीच कई महत्वपूर्ण भू-राजनीतिक और आर्थिक मुद्दों पर विचार-विमर्श हो रहा है। बैठक में मुख्य रूप से हिंद-प्रशांत क्षेत्र में सुरक्षा, क्षेत्रीय स्थिरता और रणनीतिक सहयोग को मजबूत करने से जुड़े विषयों पर चर्चा की जा रही है।