Kullu News: हिमाचल प्रदेश विधानसभा परिसर में विधायक सुंदर सिंह ठाकुर ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि कुल्लू के कार्यकर्ताओं को मंत्री पद नहीं, बल्कि जिले का विकास और मान-सम्मान चाहिए। उन्होंने कहा कि हर सरकार में कुल्लू को प्रतिनिधित्व मिलता रहा है और कार्यकर्ताओं की भावनाओं को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।
कार्यकर्ताओं की भावनाओं को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता
मंगलवार को विधानसभा परिसर में मीडिया से बातचीत करते हुए सुंदर सिंह ठाकुर ने कहा कि सरकार के चौथे वर्ष में प्रवेश के बीच कार्यकर्ताओं ने बंद कमरे में अपनी बात रखी है। उन्हें अपनी समस्याएं और मान-सम्मान से जुड़े मुद्दे उठाने का पूरा अधिकार है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कुल्लू के कार्यकर्ताओं ने हमेशा कांग्रेस पार्टी को मजबूत किया है और बड़े आयोजनों में उनकी अहम भूमिका रही है। कार्यकर्ताओं की कोई व्यक्तिगत महत्वाकांक्षा नहीं है, बल्कि वे क्षेत्र के विकास के लिए समर्पित हैं।
विकास का पैमाना केवल पद या इमारतें नहीं
सुंदर सिंह ठाकुर ने कहा कि विकास का पैमाना केवल मंत्रिमंडल में पद या बड़ी इमारतें नहीं होतीं, बल्कि आम जनता की अपेक्षाओं और कार्यकर्ताओं का सम्मान सर्वोपरि है। जिले को केवल एक विधानसभा क्षेत्र के दायरे में नहीं देखा जाना चाहिए, क्योंकि इसका प्रभाव आसपास के क्षेत्रों पर भी पड़ता है। उन्होंने कहा कि गारंटियां कांग्रेस पार्टी की थीं और महिलाओं के 1500 रुपये के फॉर्म अलका लांबा ने भरवाए थे। आगे की दिशा जनता और कार्यकर्ताओं से मिलने वाले फीडबैक के आधार पर तय की जाएगी।
कैबिनेट दर्जे में देरी और कार्यकर्ताओं की आवाज
कैबिनेट दर्जे में देरी के सवाल पर उन्होंने कहा कि यदि यह देने की बात थी, तो इस पर विलंब का जवाब निर्णय लेने वालों से पूछा जाना चाहिए। कार्यकर्ताओं को नोटिस दिए जाने की चर्चाओं पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि उनकी आवाज दबाने के बजाय उनकी बात को गंभीरता से सुना जाना चाहिए।