Sundernagar News: सुंदरनगर के लोक निर्माण विभाग विश्राम गृह में भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) के नवनिर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष अनित जसवाल के स्वागत और सम्मान में एक भव्य समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान एनएसयूआई जिला मंडी की जिला स्तरीय बैठक भी हुई, जिसमें संगठन की मजबूती और आगामी रणनीतियों पर विस्तार से चर्चा की गई।
कांग्रेस और विंग्स के दिग्गजों की रही मौजूदगी
कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग के अध्यक्ष नरेश चौहान, राजीव गांधी पंचायती राज संगठन के प्रदेश अध्यक्ष अरुण आर्य, ब्लॉक कांग्रेस सुंदरनगर के अध्यक्ष जसवंत सिंह और नाचन ब्लॉक कांग्रेस के अध्यक्ष दीप शर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहे। इसके अलावा, विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी, युवा कांग्रेस कार्यकर्ता और एनएसयूआई के सदस्य बड़ी संख्या में मौजूद रहे। सभी ने मिलकर नवनिर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष अनित जसवाल को सम्मानित किया और उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।
छात्रहित और रोजगार को लेकर की गई चर्चा
जिला स्तरीय बैठक के दौरान महाविद्यालयों एवं विश्वविद्यालयों में एनएसयूआई की सक्रियता, छात्रहित से जुड़े मुद्दों और संगठन की आगामी रणनीति पर विचार-विमर्श किया गया। इस दौरान नवनिर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष अनित जसवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार युवाओं को रोजगार देने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।
उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा हजारों पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू की गई है, जिससे युवाओं को अपने ही राज्य में सम्मानजनक रोजगार मिल सके और उन्हें पलायन न करना पड़े। अनित जसवाल ने जोर देकर कहा कि एनएसयूआई सिर्फ एक छात्र संगठन नहीं है, बल्कि यह विद्यार्थियों के अधिकारों, बेहतर शिक्षा और युवाओं के भविष्य के लिए संघर्ष करने वाला मजबूत मंच है।