Paradip News: ओडिशा के पारादीप पोर्ट अथॉरिटी ने तट से लगभग 50 नॉटिकल मील दूर समुद्र में फंसे मालवाहक जहाज ‘एमवी बिस्वा उदय’ और उस पर सवार सभी 27 क्रू सदस्यों को सुरक्षित बचा लिया है। जहाज में पानी भरने और प्रोपेलर शाफ्ट में तकनीकी खराबी आने के बाद दो टगबोट्स की मदद से इसे सुरक्षित बंदरगाह तक खींच लाया गया।
ओडिशा के पारादीप पोर्ट अथॉरिटी के मरीन विभाग ने समुद्र के बीच तकनीकी आपातकालीन स्थिति में फंसे जहाज ‘एमवी बिस्वा उदय’ के लिए सफल बचाव अभियान चलाया। इस अभियान के तहत जहाज पर सवार सभी 27 क्रू सदस्यों को सुरक्षित बचा लिया गया है और जहाज को भी सुरक्षित बंदरगाह तक खींच लाया गया है।
जानकारी के अनुसार, समुद्र तट से करीब 50 नॉटिकल मील दूर ‘एमवी बिस्वा उदय’ में पानी भरने लगा था और उसके प्रोपेलर शाफ्ट ने काम करना बंद कर दिया था। तकनीकी खराबी और खराब समुद्री परिस्थितियों के बीच जहाज बीच समंदर में फंस गया था। शिपिंग कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया (SCI) से आपातकालीन अलर्ट मिलते ही पारादीप पोर्ट अथॉरिटी के मरीन विभाग ने तत्काल बचाव कार्य शुरू किया।
दो टगबोट्स की मदद से रात भर चला बचाव अभियान
16 नवंबर की दोपहर लगभग 12:30 बजे बचाव अभियान के लिए पारादीप पोर्ट अथॉरिटी की दो शक्तिशाली टगबोट्स ‘डॉल्फिन-25’ और ‘डॉल्फिन-20’ को समुद्र में रवाना किया गया। इस पूरे अभियान का नेतृत्व हार्बर मास्टर कैप्टन इंद्रनील मुखर्जी ने किया।
बचाव कार्य में ‘डॉल्फिन-25’ ने मुख्य भूमिका निभाई, जबकि ‘डॉल्फिन-20’ ने आवश्यक तकनीकी सहायता प्रदान की। लगातार चले प्रयासों के बाद 17 नवंबर की सुबह ‘एमवी बिस्वा उदय’ को सुरक्षित खींचकर (टो करके) पारादीप पोर्ट की बाहरी सीमा के पास लंगर डाल दिया गया।
पोर्ट अथॉरिटी के चेयरमैन ने टीम को दी बधाई
इस सफल बचाव अभियान के बाद पारादीप पोर्ट अथॉरिटी के चेयरमैन सुशांत कुमार पुरोहित (IRSEE) ने मरीन विभाग और अभियान में शामिल सभी अधिकारियों व कर्मियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह अभियान समुद्री सुरक्षा, आपातकालीन तैयारियों और कठिन परिस्थितियों में त्वरित कार्रवाई के महत्व को दर्शाता है।