Nahan News: हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले में स्थित 149 साल पुरानी रियासतकालीन ऐतिहासिक धरोहर लिटन मेमोरियल देखरेख के अभाव में बदहाल हो रही है। भारी बारिश के कारण इसकी तीनों मेहराबों (आर्क) से पानी टपक रहा है। दीवारों से हो रहा पानी का रिसाव अब इमारत की नींव तक पहुंच गया है।
बारिश का पानी लगातार रिंसने से मेहराब के अंदर का प्लास्टर झड़ने लगा है। दिल्ली गेट बस स्टॉपेज पर बसों का इंतजार करने वाले यात्रियों को टपकते पानी के कारण भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। ऐतिहासिक संरचना की इस दुर्दशा से स्थानीय लोगों में काफी रोष है।
इस ऐतिहासिक स्मारक का निर्माण सिरमौर रियासत के तत्कालीन राजा शमशेर प्रकाश ने करवाया था। उन्होंने वर्ष 1877 में तत्कालीन वायसराय लॉर्ड लिटन की नाहन यात्रा की याद में इसे बनवाया था। बाद में वर्ष 1902 में इसमें एक क्लॉक टॉवर (घड़ी टावर) भी जोड़ा गया था।
शहर के प्रबुद्ध नागरिकों ने इस प्राचीन धरोहर के अस्तित्व को लेकर गहरी चिंता जताई है। स्थानीय निवासियों की मांग है कि मेमोरियल के आसपास गाड़ियों की पार्किंग पर पूरी तरह प्रतिबंध लगाया जाए। साथ ही इसके प्लास्टर, पेंट और घड़ियों की नियमित देखभाल और मरम्मत तुरंत शुरू की जानी चाहिए।