Kullu News: हिमाचल प्रदेश के पतलीकूहल और भुंतर क्षेत्र से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। भुंतर सब्जी मंडी से कालका रेलवे स्टेशन के लिए जापानी फल (पर्सिमन) की 300 पेटियां लेकर निकली एक जीप रहस्यमय परिस्थितियों में रास्ते से गायब हो गई है। लगभग छह लाख रुपये मूल्य के फलों के साथ जीप का चालक और परिचालक भी लापता हैं, जिनके मोबाइल फोन लगातार बंद आ रहे हैं। व्यापारी की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और उनकी तलाश शुरू कर दी है।
कैसे हुआ मामले का खुलासा?
प्राप्त जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले के रहने वाले अरविंद भुंतर सब्जी मंडी में फलों का कारोबार करते हैं। उन्होंने 13 नवंबर की शाम करीब छह बजे एक जीप में जापानी फल की 300 पेटियां लोड करवाई थीं। इन पेटियों को कालका रेलवे स्टेशन पहुंचाया जाना था, जहाँ से इन्हें आगे कोलकाता की सब्जी मंडी भेजा जाना तय हुआ था।
व्यापारी अरविंद के मुताबिक, जीप चालक सुमित और परिचालक राहुल फल की पेटियां लेकर रवाना हुए थे, लेकिन वे निर्धारित समय पर अपने गंतव्य स्थान तक नहीं पहुँचे। काफी देर तक कोई सूचना न मिलने पर जब उनसे संपर्क करने का प्रयास किया गया, तो दोनों के मोबाइल फोन स्विच ऑफ मिले। वाहन और फलों का कोई भी सुराग न मिलने पर व्यापारी ने तुरंत इसकी शिकायत पुलिस को दी, जिसके आधार पर पुलिस ने छानबीन शुरू कर दी है।