सोलन में पंचकूला के स्कूली बच्चों से भरी बस दुर्घटनाग्रस्त, प्रिंसिपल और चेयरमैन समेत कई घायल

Share

- Advertisement -

Solan News: हिमाचल प्रदेश के जिला सोलन में शैक्षणिक भ्रमण पर आए पंचकूला के एक निजी स्कूल के विद्यार्थियों की बस शनिवार देर रात दुर्घटनाग्रस्त हो गई। चंडीगढ़-शिमला राष्ट्रीय राजमार्ग-5 पर चक्कीमोड़ से आगे तम्बू मोड़ के पास यह हादसा हुआ, जिसमें बस में सवार प्रिंसिपल, चेयरमैन और कोऑर्डिनेटर समेत कई बच्चे घायल हो गए।

डिवाइडर से टकराई बस, मची अफरा-तफरी

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पंचकूला स्थित लीटरा हेरिटेज स्कूल के बच्चे 14 नवंबर को दो बसों में सवार होकर राजगढ़ शैक्षणिक भ्रमण पर आए थे। शनिवार रात करीब सवा ग्यारह बजे जब एक बस (नंबर CH 02 AA 2295) चक्कीमोड़ के पास तम्बू मोड़ पर पहुँची, तो वह अनियंत्रित होकर सड़क के बीच बने डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस के दाहिने हिस्से के शीशे टूट गए। हादसे के समय बस में 51 बच्चे सवार थे, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

प्रिंसिपल और चेयरमैन को आई चोटें

इस सड़क हादसे में स्कूल की प्रिंसिपल अमिता, चेयरमैन नरेंद्र सिंगला और कोऑर्डिनेटर मीनू गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके अलावा बस में यात्रा कर रहे कई अन्य बच्चों को भी हल्की चोटें आईं। हादसे के बाद तुरंत राहत व बचाव कार्य शुरू किया गया।

अध्यापिका की शिकायत पर चालक के खिलाफ मामला दर्ज

पुलिस को दी गई शिकायत में स्कूल की अध्यापिका शिल्पा चौहान (निवासी रामगढ़, पंचकूला) ने बताया कि वह पिछले चार वर्षों से स्कूल में पीआरटी अध्यापिका के पद पर कार्यरत हैं और इसी बस में सवार थीं। उन्होंने बस चालक साहिल पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि वह वाहन को अत्यधिक तेज गति और लापरवाही से चला रहा था, जिसके कारण यह दुर्घटना हुई। पुलिस ने शिक्षिका की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और आगामी कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Mohit
Mohit
पत्रकारिता के क्षेत्र में 9 सालों का अनुभव।

Read more

Related News