कुल्लू के निरमंड में बिना बारिश भीषण लैंडस्लाइड, 200 मीटर सड़क गायब, मौसम विभाग ने 3 सितंबर तक जारी किया येलो अलर्ट

Share

- Advertisement -

Kullu News: हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले स्थित निरमंड उपमंडल में सोमवार सुबह बिना बारिश के ही एक भीषण लैंडस्लाइड हुआ। बागीपुल के पास सुबह करीब 10:12 बजे हुए इस भूस्खलन में लगभग 200 मीटर सड़क का हिस्सा पूरी तरह गायब हो गया। इसके चलते बागीपुल-जाओं मार्ग पर वाहनों की आवाजाही बंद हो गई है और राहगीरों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

घटना के तुरंत बाद स्थानीय प्रशासन और लोक निर्माण विभाग को अलर्ट किया गया। पीडब्ल्यूडी निरमंड के जेई दीप शर्मा ने जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण को हादसे की जानकारी दी। इसके बाद कुल्लू पुलिस कंट्रोल रूम, एसडीओ आनी और एक्सईएन आनी को सूचित कर मलबे की सफाई और मार्ग बहाली का काम शुरू कराया गया।

3 सितंबर तक सक्रिय रहेगा मानसून

मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के वरिष्ठ वैज्ञानिक संदीप शर्मा के अनुसार, पिछले 24 घंटों में कांगड़ा, मंडी और बिलासपुर में कई स्थानों पर भारी बारिश हुई है। रामनगर में 17 मिलीमीटर और शिमला में करीब 60 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। मौसम विभाग ने 31 अगस्त से 3 सितंबर तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में मानसून के पूरी तरह सक्रिय रहने की उम्मीद जताई है।

विभाग ने कांगड़ा, मंडी, बिलासपुर, चंबा, ऊना, सोलन और शिमला के लिए भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। 1 से 3 सितंबर के दौरान मध्यम से भारी बारिश की संभावना है, जबकि 4 सितंबर से बारिश के दौर में थोड़ी कमी आ सकती है। 5 सितंबर के बाद से मानसून की गतिविधियों में नरमी देखने को मिलेगी।

नदी-नालों से दूर रहने की अपील

मौसम विभाग ने चेताया है कि लगातार हो रही बारिश से प्रदेश के नदी-नालों और जलस्रोतों में जलस्तर अचानक बढ़ सकता है। वैज्ञानिकों ने आम लोगों और पर्यटकों को जल निकायों के समीप न जाने की सलाह दी है। इसके अलावा शिमला जैसे ऊंचाई वाले इलाकों में निचले बादलों के कारण दृश्यता कम हो सकती है, जिससे वाहन चालकों को संभलकर यात्रा करने की हिदायत दी गई है।

चालकों से अपील की गई है कि वे मौसम और सड़क की ताजा स्थिति देखकर ही अपनी यात्रा की योजना बनाएं। जारी आंकड़ों के मुताबिक 1 जून से 30 अगस्त के दौरान प्रदेश में सामान्य से 10 फीसदी कम बारिश हुई है। हालांकि कुछ जिलों में सामान्य से 14 प्रतिशत अधिक पानी बरसा है। विभाग स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।

Mohit
Mohit
पत्रकारिता के क्षेत्र में 9 सालों का अनुभव।

Read more

Related News