Kullu News: हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले में देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया है। कुल्लू-मनाली वामतट मार्ग पर एक बोलेरो कैंपर अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गया। इस भीषण दुर्घटना में अठारह वर्षीय युवती की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि वाहन चालक गंभीर रूप से घायल हो गया है।
देर रात भडोगी गांव जाते समय हुआ भीषण हादसा
जानकारी के अनुसार काईसा पंचायत के घोट गांव की रहने वाली अठारह वर्षीय कविता और पालगी गड़सा निवासी बाईस वर्षीय आदर्श देर रात बोलेरो कैंपर गाड़ी से भडोगी गांव की तरफ जा रहे थे। वामतट के नजदीक पहुंचते ही चालक वाहन पर से नियंत्रण खो बैठा और गाड़ी सीधे गहरी खाई में जा गिरी।
हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग तुरंत मदद के लिए पहुंचे। वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया था। स्थानीय लोगों ने राहत कार्य शुरू किया, लेकिन गंभीर चोटों के कारण कविता ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। चालक आदर्श को गंभीर हालत में खाई से बाहर निकालकर तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया।
पुलिस ने शुरू की जांच, इलाके में पसरा मातम
सड़क दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया और कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद परिजनों को सौंप दिया। घायल युवक का अस्पताल में इलाज जारी है और पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।