कुल्लू में भेड़पालक से 2 लाख रुपये की झपटमारी, पुलिस ने दो आरोपी युवतियों को किया गिरफ्तार

Share

- Advertisement -

Kullu News: हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले में पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए झपटमारी के मामले को सुलझा लिया है। भेड़पालक से दो लाख रुपये नकद छीनने वाली दो युवतियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने छीनी गई रकम में से एक लाख तीन हजार रुपये बरामद भी कर लिए हैं।

पीड़ित भेड़पालक ने इस संबंध में कुल्लू थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उसने बताया कि हाल ही में उसने डोभी जोत इलाके में 15 भेड़ें बेची थीं। यह सौदा नग्गर निवासी मुनी लाल के साथ हुआ था। बिक्री से मिले दो लाख रुपये उसने अपनी हाफ जैकेट की जेब में रखे थे।

बीती रात लगभग साढ़े नौ बजे पीड़ित बस अड्डे से खोरी रोपा पैदल जा रहा था। स्कूल के पास पहुंचते ही दो युवतियां अचानक उसके सामने आ गईं। इससे पहले कि वह संभल पाता, युवतियों ने उसकी जेब से पैसे झपट लिए और रात के अंधेरे में वहां से भाग निकलीं।

शिकायत मिलते ही पुलिस ने घटनास्थल के आसपास मिले सबूतों के आधार पर जांच शुरू की। सुराग मिलने पर पुलिस टीम ने दोनों युवतियों को हिरासत में ले लिया। कुल्लू थाने में आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 304(2) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया है।

कुल्लू के पुलिस अधीक्षक अभिषेक सेकर ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस ने गिरफ्तार की गई युवतियों से 2 लाख रुपए की लूटी गई नकदी में से 1,03,000 रुपए बरामद कर लिए हैं। उन्होंने कहा कि शेष राशि की बरामदगी के लिए पुलिस टीम लगातार प्रयास कर रही है। आरोपी युवतियों से गहनता से पूछताछ की जा रही है।

Right News Desk
Right News Desk
लॉ और पत्रकारिता स्नातक, पत्रकारिता में 11 वर्ष का अनुभव

Read more

Related News