Kullu News: कुल्लू जिले की नित्थर उपतहसील की ग्राम पंचायत दुराह में गुरुवार रात भीषण सड़क हादसा पेश आया। डवार्च मार्ग पर सेरी के पास एक ऑल्टो कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। इस दुर्घटना में कार सवार दोनों व्यक्तियों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
अनियंत्रित होकर खाई में समाई कार, दोनों सवारों ने तोड़ा दम
हादसा रात करीब सवा आठ बजे हुआ, जब कार दुराह की ओर आ रही थी। सेरी के पास अचानक चालक ने नियंत्रण खो दिया और कार करीब 500 मीटर गहरी खाई में लुढ़क गई। मृतकों की पहचान लोट पंचायत के शाह निवासी हरि सिंह और दुराह पंचायत के डवार्च निवासी श्याम लाल के रूप में हुई है।
हादसे की आवाज सुनकर स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। रात का समय और गहरी खाई होने के कारण राहत व बचाव कार्य में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। नित्थर चौकी पुलिस और स्थानीय ग्रामीणों ने मिलकर शवों को बाहर निकालने के लिए घंटों तक संयुक्त अभियान चलाया।
कड़ी मशक्कत के बाद निकाले शव, पुलिस जांच में जुटी
शुक्रवार दोपहर करीब एक से तीन बजे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद दोनों शवों को खाई से सड़क तक लाया गया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल निरमंड भेज दिया है। हादसे में ऑल्टो कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त होकर मलबे में तब्दील हो गई है।
डीएसपी आनी राजीव मेहता ने हादसे की पुष्टि करते हुए कहा कि दो लोगों की जान गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे। इस दुखद घटना के बाद दोनों प्रभावित गांवों में गहरा शोक व्याप्त है।
