Kullu News: हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले में रक्षाबंधन के दिन हिमाचल पथ परिवहन निगम की बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। मनाली क्षेत्र के भेखली-ब्यासर रूट पर बजोहन के पास बस पहाड़ी से टकरा गई। इस हादसे में ड्राइवर समेत 38 यात्री घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।
यह सड़क हादसा शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे हुआ। एचआरटीसी बस ब्यासर से कुल्लू की तरफ जा रही थी। रास्ते में अचानक ब्रेक फेल होने पर चालक ने सूझबूझ से बस को पहाड़ी की तरफ मोड़ दिया। शोर सुनकर स्थानीय लोग तुरंत मदद के लिए मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया।
बस में कुल 70 यात्री सवार थे, जिनमें से 38 लोग घायल हुए हैं। घायलों में अधिकांश महिलाएं हैं, जो रक्षाबंधन के मौके पर अपने भाई के घर जा रही थीं। अस्पताल में भर्ती एक घायल युवती ने डॉक्टर को गर्दन में चोट लगने की बात बताई। हादसे के असली कारणों की जांच पुलिस कर रही है।
दुर्घटनास्थल के दूसरी तरफ गहरी खाई थी। यदि बस खाई में गिरती तो बड़ा जानलेवा नुकसान हो सकता था। चालक की तत्परता ने दर्जनों यात्रियों की जान बचा ली। हादसे के तुरंत बाद एंबुलेंस और निजी गाड़ियों से सभी घायलों को क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।