Kullu News: हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिला स्थित आनी उपमंडल में एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। हरिपुर-नागन क्षेत्र में एक कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। इस हादसे में चार युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है।
यह भीषण दुर्घटना मंगलवार तड़के करीब 3:30 बजे निगान-धारीपुर मार्ग पर हुई। कार में सवार सभी पांचों युवक बड़ागांव में आयोजित एक शादी समारोह से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान चालक ने अचानक नियंत्रण खो दिया और कार सड़क से फिसलकर गहरी खाई में जा गिरी।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण, पुलिस टीम और प्रशासनिक अधिकारी तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने खाई में उतरकर राहत और बचाव कार्य शुरू किया। कार से निकाले गए चार लोगों की मौके पर मौत हो चुकी थी, जबकि घायल को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। आनी के विधायक लोकेंद्र कुमार भी मौके पर पहुंचे।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार मृतकों की पहचान राहुल राणा, बाल कृष्ण, विकास उर्फ विक्की और गुंजन के रूप में हुई है। यह चारों मृतक आनी उपमंडल के जाबो गांव के रहने वाले थे। इस घटना के बाद पूरे गांव में मातम और शोक की लहर दौड़ गई है।
हादसे में गंभीर रूप से घायल सुरेश कुमार को प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने रामपुर अस्पताल के लिए रेफर कर दिया है। कुल्लू जिला प्रशासन ने मृतकों के पीड़ित परिवारों को 25-25 हजार रुपये की फौरी राहत राशि जारी कर दी है। पुलिस मामला दर्ज कर जांच में जुटी है।
