हिमाचल प्रदेश के कुल्लू में शादी से लौट रही कार गहरी खाई में गिरी, चार युवकों की दर्दनाक मौत और एक घायल

Share

- Advertisement -

Kullu News: कुल्लू जिले के आनी उपमंडल में राष्ट्रीय राजमार्ग-305 पर निमला के पास देर रात बड़ा सड़क हादसा हो गया। अनियंत्रित होकर गहरी खाई में कार गिरने से चार युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में एक युवक गंभीर रूप से घायल हुआ है, जिसे उपचार के लिए अस्पताल भर्ती कराया गया।

पुलिस के अनुसार हादसा बीती रात लगभग तीन बजे पेश आया। शादी समारोह में शामिल होने के बाद पांच युवक हुंडई कार में सवार होकर घर जा रहे थे। निगान और निमला के बीच मोड़ पर अचानक चालक ने नियंत्रण खो दिया। इसके बाद वाहन सीधे गहरी खाई में जा गिरा और उसके परखच्चे उड़ गए।

सड़क दुर्घटना का शिकार हुए सभी युवक आनी तहसील के जाबौं-कराणा गांव के रहने वाले थे। मृतकों की पहचान राहुल राणा (25), बाल कृष्ण, विकास उर्फ विक्की और गुंजन के तौर पर हुई है। हादसे में घायल सुरेश कुमार (29) को प्राथमिक उपचार के बाद आनी अस्पताल से तुरंत रामपुर अस्पताल रेफर किया गया है।

हादसे की खबर मिलते ही स्थानीय विधायक लोकेंद्र कुमार, ग्राम पंचायत प्रधान, पुलिस दल और ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे। खाई काफी गहरी और पथरीली होने के कारण राहत दल को रेस्क्यू में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और जांच शुरू कर दी है।

एडीएम कुल्लू सुरजीत सिंह राठौर ने बताया कि जिला प्रशासन ने मृतकों के परिवारों को 25-25 हजार रुपये की राहत राशि जारी कर दी है। इसके साथ ही घायल युवक के परिजनों को पांच हजार रुपये दिए गए हैं। प्रशासन की ओर से पीड़ित परिवारों को हर संभव मदद और सहायता उपलब्ध करवाई जा रही है।

Right News Desk
Right News Desk
लॉ और पत्रकारिता स्नातक, पत्रकारिता में 11 वर्ष का अनुभव

Read more

Related News