Dharamshala News: राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने आय से अधिक संपत्ति के मामले में भाजपा विधायक सुधीर शर्मा से बुधवार को लंबी पूछताछ की। धर्मशाला विजिलेंस थाने में अधिकारियों ने पूर्व मंत्री से करीब सवा पांच घंटे तक 50 से अधिक सवाल पूछे। इस दौरान विधायक ने अपने वित्तीय दस्तावेजों का ब्योरा अधिकारियों के सामने पेश किया।
बैंकिंग लेन-देन, जमीन सौदों और संपत्तियों पर तीखे सवाल
विजिलेंस टीम ने दोपहर एक बजे से शाम सवा छह बजे तक सुधीर शर्मा से सघन पूछताछ की। अधिकारियों ने उनके बैंक खातों, जमीन-जायदाद के सौदों और पारिवारिक संपत्तियों के रिकॉर्ड खंगाले। सूत्रों के अनुसार कुछ जरूरी दस्तावेज अभी विजिलेंस को नहीं सौंपे गए हैं। उपलब्ध कराए गए रिकॉर्ड की जांच पूरी होने के बाद विधायक को फिर बुलाया जा सकता है।
राजनीतिक षड्यंत्र का आरोप, जांच में पूरे सहयोग का दावा
पूछताछ के बाद सुधीर शर्मा ने पत्रकारों से कहा कि जांच वर्ष 2013 से 2023 की अवधि से संबंधित है। उन्होंने सभी सवालों के जवाब दे दिए हैं और आगे भी पूरा सहयोग करेंगे। पूर्व मंत्री ने इस कानूनी कार्रवाई को राजनीतिक षड्यंत्र करार दिया। उन्होंने कहा कि प्रदेश के मुखिया से उनकी लड़ाई है और वे पूरे साक्ष्यों के साथ इसका सामना करने के लिए तैयार हैं।