Kangra News: हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के जवाली क्षेत्र में दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहाँ भर्ती परीक्षा की तैयारी कर रहे ग्यारहवीं के छात्र सुमित कुमार पर लावारिस सांड ने हमला कर दिया। हमले में सांड का सींग छात्र के सीने में धंसने से उसकी सांस की नली फट गई।
दौड़ लगाते समय हुआ हमला, राहगीर ने बचाई जान
मावा-कुठेड़ निवासी सुमित मंगलवार रात सड़क पर दौड़ लगा रहा था। फरियां पंचायत के पास अचानक सांड ने उस पर हमला बोल दिया। गंभीर रूप से घायल छात्र काफी देर सड़क पर पड़ा रहा। राहगीर सुनील गुलेरिया ने मानवता दिखाते हुए उसे जवाली अस्पताल पहुँचाया, जहाँ डॉक्टरों ने आपातकालीन उपचार देकर जान बचाई।
टांडा से पीजीआई चंडीगढ़ रेफर, आईसीयू में सर्जरी
छात्र की नाजुक हालत को देखते हुए उसे टांडा मेडिकल कॉलेज से पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया। पिता प्रवीण कुमार के अनुसार चिकित्सकों ने वहां सुमित की जटिल सर्जरी की है। छात्र फिलहाल आईसीयू में उपचाराधीन है। इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे इलाके में बेसहारा पशुओं के आतंक को लेकर भारी आक्रोश है।