Kangra News: ड्यूटी के दौरान जान गंवाने वाले सब-इंस्पेक्टर राजेश कुमार तेजा का रविवार को पैतृक गांव अमलेला में राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। पुलिस की टुकड़ी ने दिवंगत अधिकारी को अंतिम सलामी दी। इस दौरान मौजूद सैकड़ों ग्रामीणों और पुलिस कर्मियों की आंखें नम हो गईं।
शनिवार को चिंतपूर्णी के समीप भरवाईं चौक पर भारी ट्रैफिक जाम लगा था। यातायात सुचारू करवाते समय सब-इंस्पेक्टर राजेश कुमार दो बसों की चपेट में आ गए। इस दर्दनाक हादसे में उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया था। उनके निधन से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।
ईमानदार छवि और कर्तव्यनिष्ठा के लिए जाने जाते थे राजेश तेजा
राजेश कुमार तेजा अपनी निष्ठा और मिलनसार स्वभाव के लिए जाने जाते थे। उन्होंने देहरा क्षेत्र में भी शानदार सेवाएं दी थीं। उनके जाने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वह अपने पीछे बुजुर्ग माता-पिता, पत्नी, एक बेटा और एक बेटी छोड़ गए हैं।
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू, कृषि मंत्री प्रो. चंद्र कुमार और पूर्व विधायक अर्जुन ठाकुर ने उनके निधन पर गहरा दुख जताया है। नेताओं ने शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की और ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति की प्रार्थना की।