145 किमी की रफ्तार से आंध्र प्रदेश के तट से टकराएगा चक्रवाती तूफान ‘अकवान’, बिहार के 13 जिलों में बारिश का अनुमान

Share

- Advertisement -

Patna News: बंगाल की खाड़ी में बना चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ तेजी से शक्तिशाली हो रहा है, जो 20 नवंबर को आंध्र प्रदेश के तट से टकरा सकता है। इस दौरान हवा की गति 145 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की आशंका है। मौसम विभाग के अनुसार, बिहार में इसका सीधा असर कम रहेगा, लेकिन 21 नवंबर को 13 जिलों में हल्की बारिश हो सकती है।

बंगाल की खाड़ी में सक्रिय चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ (Akvan) उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर तेजी से आगे बढ़ रहा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुमान के मुताबिक, यह तूफान 20 नवंबर की दोपहर के आसपास आंध्र प्रदेश के नेल्लोर और तूनी के बीच तट से टकरा सकता है।

बिहार में छठ पर्व के बाद हल्की ठंड शुरू हो चुकी है। मौसम विज्ञान केंद्र पटना की रिपोर्ट के अनुसार, राज्य में इस चक्रवाती तूफान का कोई बड़ा प्रभाव नहीं पड़ेगा, लेकिन इसके असर से 21 नवंबर को दक्षिण बिहार के 13 जिलों में हल्की बारिश होने की संभावना है।

कहां पहुंचा है चक्रवाती तूफान और क्या होगी रफ्तार?

मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, 17 नवंबर की सुबह 8:30 बजे तूफान ‘अकवान’ दक्षिण बंगाल की खाड़ी के मध्य और उससे सटे पश्चिम-मध्य क्षेत्र में केंद्रित था। यह चेन्नई से करीब 610 किलोमीटर पूर्व, आंध्र प्रदेश के मछलीपट्टनम से 660 किलोमीटर दक्षिण-पूर्व, विशाखापत्तनम से 670 किलोमीटर दक्षिण-दक्षिण-पूर्व और ओडिशा के गोपालपुर से लगभग 790 किलोमीटर दक्षिण में स्थित था।

आईएमडी का अनुमान है कि 17 नवंबर की शाम तक यह गंभीर चक्रवाती तूफान और 19 नवंबर की सुबह तक अति गंभीर चक्रवाती तूफान का रूप ले सकता है। 20 नवंबर को तट से टकराते समय हवा की रफ्तार 120 से 130 किलोमीटर प्रति घंटे रहने का अनुमान है, जबकि तेज झोंकों की गति 145 किलोमीटर प्रति घंटे तक जा सकती है।

बिहार के इन 13 जिलों में बारिश की संभावना

बिहार मौसम विज्ञान केंद्र पटना के मुताबिक, राज्य में 17 से 20 नवंबर तक सभी क्षेत्रों में मौसम शुष्क बना रहेगा। इसके बाद 21 नवंबर को दक्षिण-मध्य और दक्षिण-पूर्व बिहार के कुछ स्थानों पर हल्की वर्षा हो सकती है। प्रभावित होने वाले संभावित जिलों की सूची इस प्रकार है:

  • दक्षिण-मध्य बिहार: पटना, नालंदा, जहानाबाद, नवादा, गया, लखीसराय, शेखपुरा और बेगूसराय।
  • दक्षिण-पूर्व बिहार: जमुई, मुंगेर, बांका, खगड़िया और भागलपुर।

उत्तर बिहार में शुष्क रहेगा मौसम

मौसम विभाग ने स्पष्ट किया है कि उत्तर बिहार और दक्षिण-पश्चिम बिहार के जिलों में 17 से 23 नवंबर तक मौसम पूरी तरह शुष्क रहेगा। पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीवान, सारण, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, मधुबनी, अररिया, पूर्णिया, किशनगंज और कटिहार सहित अन्य उत्तरी जिलों में बारिश की कोई संभावना नहीं जताई गई है।

Read more

Related News