Kangra News: केंद्रीय जल आयोग (CWC) के अधिकारियों की एक टीम ने सोमवार शाम कांगड़ा जिले के शक्तिपीठ श्री ज्वालामुखी मंदिर में पूजा-अर्चना की। यह टीम करीब 153 करोड़ रुपये की लागत से बन रही नादौन मध्यम सिंचाई परियोजना के निर्माण कार्यों का निरीक्षण करने पहुंची थी, जो अब अपने अंतिम चरण में है।
केंद्रीय जल आयोग के निदेशक पी. कार्थिगयन और सहायक निदेशक रजत शर्मा सोमवार शाम को कांगड़ा जिले के प्रसिद्ध शक्तिपीठ श्री ज्वालामुखी मंदिर पहुंचे। यहां उन्होंने मां ज्वाला की पवित्र ज्योतियों के दर्शन किए। मंदिर के पुजारी विभु शर्मा ने अधिकारियों की विधिवत पूजा-अर्चना करवाई।
दर्शन के दौरान अधिकारियों ने मंदिर परिसर में स्थित योगिनी कुंड, मोदी भवन और शयन भवन का भी दौरा किया। उन्होंने हवन में आहुति डालकर क्षेत्र की सुख-शांति और समृद्धि की कामना की। इस अवसर पर जल शक्ति विभाग नादौन के अधिशासी अभियंता इंजीनियर राहुल धीमान, सहायक अभियंता अमित चौधरी और कनिष्ठ अभियंता अंशुल भाटिया मौजूद रहे। इनके साथ परियोजना का निर्माण कर रही कंपनी जैन इरिगेशन (जलगांव) के वरिष्ठ अधिकारी विपिन कुमार शर्मा भी उपस्थित थे।
अंतिम चरण में पहुंचा सिंचाई परियोजना का कार्य
जल शक्ति विभाग नादौन के अधिशासी अभियंता राहुल धीमान ने बताया कि केंद्रीय जल आयोग की टीम नादौन मध्यम सिंचाई परियोजना के कार्यों की प्रगति का जायजा लेने के लिए क्षेत्र के दौरे पर आई थी। उन्होंने जानकारी दी कि लगभग 153 करोड़ रुपये की लागत वाली इस परियोजना का निर्माण कार्य अब अंतिम चरण में पहुंच चुका है और शेष बचे कार्यों को तेजी से पूरा किया जा रहा है।
अधिशासी अभियंता के अनुसार, जैन इरिगेशन कंपनी द्वारा किए जा रहे इस निर्माण कार्य के पूरा होते ही जल्द ही परियोजना का उद्घाटन करवाया जाएगा। इस सिंचाई योजना के शुरू होने से स्थानीय किसानों को खेतों की सिंचाई के लिए बेहतर सुविधा मिलेगी और क्षेत्र में कृषि गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। परियोजना के अंतिम चरण में पहुंचने से स्थानीय लोगों में भी इसके जल्द शुरू होने की उम्मीद जगी है।