हिमाचल कांग्रेस विधायक दल की बैठक में हंगामे की खबरों पर आरएस बाली का खंडन, कहा- कांगड़ा को तोड़ना तर्कसंगत नहीं

Share

- Advertisement -

Kangra News: हिमाचल प्रदेश कांग्रेस विधायक दल की बैठक में कांगड़ा जिले के गठन को लेकर हंगामे और तीखी नोकझोंक की खबरों को नगरोटा बगवां से विधायक आरएस बाली ने सिरे से खारिज कर दिया है। उन्होंने इन खबरों को बेबुनियाद बताते हुए स्पष्ट किया कि विधायक दल के भीतर होने वाली चर्चाएं दायरे में ही रहती हैं और कांगड़ा जिले का विभाजन कतई संभव नहीं है।

विधायक दल की बैठक और हंगामे की खबरों पर सफाई

हाल ही में हुई कांग्रेस विधायक दल की बैठक के बाद ऐसी खबरें सामने आई थीं कि मीटिंग के दौरान कांगड़ा के नए जिलों के गठन और प्रशासनिक मुद्दों को लेकर आरएस बाली और भवानिया सिंह पठानिया के बीच तीखी नोकझोंक हुई थी। इन चर्चाओं पर प्रतिक्रिया देते हुए आरएस बाली ने मंद-मंद मुस्कुराते हुए तमाम अटकलों को खारिज किया।

उन्होंने कहा कि विधानसभा सत्र के दौरान विभिन्न विषयों और मुद्दों पर चर्चा होना आम बात है, लेकिन इसका यह अर्थ नहीं निकाला जाना चाहिए कि बैठक में किसी तरह का हंगामा हुआ। बाली ने स्पष्ट किया, “मैंने आज ऐसी खबरें पढ़ी हैं। विधायक दल की बैठक में ऐसी कोई बात नहीं हुई। बैठक के अंदर की बातें अंदर ही रहती हैं। कई बार बात कुछ होती है और मीडिया में उसका अलग ही मतलब निकल जाता है।”

कांगड़ा जिले के विभाजन पर दो टूक रुख

नए जिलों के गठन और विशेष तौर पर कांगड़ा जिले को विभाजित किए जाने की चर्चाओं पर बोलते हुए आरएस बाली ने कहा कि कांगड़ा केवल एक प्रशासनिक इकाई नहीं है, बल्कि यह प्रदेश का सबसे बड़ा जिला है जो लोगों की भावनाओं और पहचान से जुड़ा हुआ है।

उन्होंने कहा, “हिमाचल और हिमाचलियत हमारी पहचान है। वीरभूमि और देवभूमि हिमाचल प्रदेश हमारी पहचान है। प्रदेश के सभी जिलों का सम्मान हमारी पहचान है। जिस जिले से मैं आता हूं, वह कांगड़ा जिला है। यह हिमाचल का सबसे बड़ा जिला है। कांगड़ा जिले को तोड़ने की बात तो दूर, इस विषय पर चर्चा करना भी सही नहीं है।”

बाली ने यह भी कहा कि हर विधायक को अपने विधानसभा क्षेत्र के विकास और प्रशासनिक जरूरतों को देखते हुए उसे जिला बनाने की मांग उठाने का अधिकार है। बैजनाथ, जयसिंहपुर, नूरपुर, कांगड़ा या ज्वालाजी जैसे क्षेत्रों के विधायक अपने स्तर पर मांग रख सकते हैं, लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि कांगड़ा जैसे विशाल और ऐतिहासिक जिले को विभाजित कर दिया जाए। कांगड़ा को एकजुट रहकर मजबूती के साथ आगे बढ़ना चाहिए।

कांगड़ा का गौरवशाली सैन्य योगदान

अपने संबोधन में आरएस बाली ने कांगड़ा जिले के ऐतिहासिक महत्व और देश की रक्षा में यहां के वीर जवानों के योगदान को भी रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि कांगड़ा और हमीरपुर क्षेत्र के बड़ी संख्या में परिवारों के सदस्य भारतीय सेना में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। कारगिल से लेकर सियाचिन और देश के दुर्गम सीमावर्ती इलाकों तक हिमाचल के जवानों ने सर्वोच्च बलिदान देकर देश की रक्षा की है। उन्होंने कहा कि किसान, बागवान, व्यापारी और कर्मचारी समेत समाज के हर वर्ग को अपनी इस पहचान पर गर्व है, इसलिए कांगड़ा की एकता और अखंडता को बनाए रखना बेहद जरूरी है।

Mohit
Mohit
पत्रकारिता के क्षेत्र में 9 सालों का अनुभव।

Read more

Related News