भारत दौरे से पहले सिंधु जल संधि के सवाल से बचे पाकिस्तानी मंत्री मुसादिक मलिक, नहीं दिया स्पष्ट जवाब

Share

- Advertisement -

New Delhi News: पाकिस्तान के जलवायु परिवर्तन मंत्री डॉ. मुसादिक मसूद मलिक 20 से 22 नवंबर 2026 तक नई दिल्ली में आयोजित होने वाले शंघाई सहयोग संगठन (SCO) के सिविलाइजेशन डायलॉग फोरम में भाग ले सकते हैं। भारत दौरे से पहले एक टीवी चैनल पर सिंधु जल संधि का मुद्दा उठाने के सवाल पर उन्होंने स्पष्ट जवाब देने से परहेज किया।

पाकिस्तान के जलवायु परिवर्तन मंत्री डॉ. मुसादिक मसूद मलिक के भारत आने की संभावना है। वे 20 से 22 नवंबर 2026 तक नई दिल्ली में आयोजित शंघाई सहयोग संगठन (SCO) के सिविलाइजेशन डायलॉग फोरम में हिस्सा ले सकते हैं। इस संभावित दौरे से ठीक पहले जब उनसे भारत के समक्ष सिंधु जल संधि का मुद्दा उठाने को लेकर सवाल पूछा गया, तो उन्होंने कोई सीधा जवाब नहीं दिया।

गौरतलब है कि डॉ. मुसादिक मसूद मलिक पहले सिंधु जल संधि विवाद को लेकर ‘हाथ काटने’ तक की विवादित धमकी दे चुके हैं। हालांकि, अब नई दिल्ली यात्रा से पहले इस संवेदनशील मुद्दे पर उनका रुख बदला हुआ और संभला हुआ नजर आ रहा है।

पाकिस्तानी टीवी चैनल के सवाल पर टालमटोल

एक पाकिस्तानी टेलीविजन चैनल से बातचीत के दौरान एंकर ने मलिक से पूछा कि भारत के साथ हालिया तनाव और संघर्ष के बाद क्या वे नई दिल्ली में भारत के सामने सिंधु जल संधि का मुद्दा मजबूती से उठाएंगे। इस सवाल का सीधा उत्तर देने के बजाय पाकिस्तानी मंत्री ने मंच के स्वरूप का हवाला दिया।

मुसादिक मसूद मलिक ने कहा कि यह कोई द्विपक्षीय बातचीत नहीं है, बल्कि यह सिविलाइजेशनल डायलॉग का मंच है। उन्होंने आगे कहा कि यह संवाद पूरे क्षेत्र से जुड़ा हुआ है और बैठक का आधिकारिक एजेंडा सामने आने के बाद ही वे विस्तार से बता पाएंगे कि किन विषयों पर चर्चा होगी।

एजेंडे को लेकर बनाए रखा सस्पेंस

इंटरव्यू के दौरान जब उनसे दोबारा पूछा गया कि क्या सिंधु जल संधि का विषय इस सम्मेलन के एजेंडे से बाहर है, तो मलिक ने न तो इससे इनकार किया और न ही इस मुद्दे को उठाने की पुष्टि की। उनके इस बयान से साफ है कि भारत दौरे से पहले वे इस विवादित विषय पर कोई ठोस टिप्पणी करने से बच रहे हैं।

Read more

Related News