Kangra News: हिमाचल प्रदेश के पूर्व मंत्री और शाहपुर से पांच बार विधायक रहे मेजर विजय सिंह मनकोटिया का पैतृक गांव तियारा में अंतिम संस्कार कर दिया गया। विदेश से लौटे उनके बेटे ने चिता को मुखाग्नि दी। बैंड-बाजे के साथ निकली इस अंतिम यात्रा में भारी संख्या में लोग शामिल हुए।
विदेश से पहुंचे बेटा-बेटी, घर पर हुए अंतिम दर्शन
मेजर मनकोटिया के बेटा और बेटी विदेश में रहते हैं। उनके पैतृक गांव पहुंचने के बाद ही अंतिम संस्कार की औपचारिकताएं शुरू की गईं। पार्थिव देह को कुछ समय के लिए घर पर अंतिम दर्शन के लिए रखा गया था। इसके बाद शवयात्रा श्मशान घाट के लिए रवाना की गई।
सम्मान में बाजार बंद, पूर्व सैनिकों ने दी विदाई
अंतिम विदाई के दौरान पूरे क्षेत्र में माहौल बेहद गमगीन रहा। दिवंगत नेता के सम्मान में तियारा बाजार पूरी तरह बंद रखा गया। कांगड़ा सहित प्रदेश भर से बड़ी तादाद में पूर्व सैनिक अपने पूर्व साथी को अंतिम श्रद्धांजलि देने पहुंचे। स्थानीय नागरिकों ने नम आंखों से नेता को नमन किया।
मुख्यमंत्री सुक्खू और जेपी नड्डा ने जताया शोक
पंचायत के पूर्व प्रधान संदीप मनकोटिया ने बताया कि अंतिम यात्रा में दूर-दराज से लोग पहुंचे। मेजर मनकोटिया के निधन पर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने गहरा दुख जताया है। कांग्रेस और बीजेपी के कई वरिष्ठ नेताओं ने भी उनके योगदान को याद किया।