Kangra News: हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा स्थित टांडा मेडिकल कॉलेज में महिला डॉक्टर से छेड़छाड़ का गंभीर मामला सामने आया है। अस्पताल के ब्लड बैंक में तैनात एक तकनीशियन पर पीजी प्रशिक्षु डॉक्टर ने बदसलूकी के आरोप लगाए हैं। पीड़िता ने चिकित्सा अधीक्षक को इस संबंध में लिखित शिकायत सौंपी है।
इमरजेंसी मरीज के लिए प्लेटलेट्स लेने गई थीं डॉक्टर
ओबीजी विभाग की प्रथम वर्ष की ट्रेनी डॉक्टर सोमवार शाम गंभीर मरीज के लिए ब्लड बैंक गई थीं। मरीज की हालत नाजुक थी और सीजेरियन ऑपरेशन के लिए प्लेटलेट्स की सख्त जरूरत थी। ड्यूटी पर तैनात तकनीशियन जोनी धीमान से जब उन्होंने बात की, तो उसने पहले मना कर दिया।
स्टोरेज एरिया में ले जाकर की अशोभनीय हरकत
शिकायत के अनुसार तकनीशियन ने जांच के बहाने डॉक्टर को स्टोरेज क्षेत्र में चलने को कहा। वहां जाते समय उसने असहज तरीके से छुआ। इसके बाद जब डॉक्टर फार्म भर रही थीं, तभी आरोपी ने पीछे से आकर उन्हें पकड़ लिया। पीड़िता ने खुद को बचाकर वहां से दूरी बनाई।
सीनियर डॉक्टरों से चर्चा के बाद लिखित शिकायत दी
घटना से घबराई डॉक्टर ने कुछ घंटों बाद अपने सीनियर रेजिडेंट डॉक्टर्स को आपबीती बताई। उनकी सलाह पर चिकित्सा अधीक्षक डॉ. विवेक बन्याल को औपचारिक पत्र सौंपकर सख्त कार्रवाई मांगी गई है। इस घटनाक्रम के बाद दिनभर बैठकों का दौर चला, हालांकि प्रशासन ने अभी आधिकारिक बयान नहीं दिया है।