हिमाचल पटवारी कानूनगो एसोसिएशन की कांगड़ा इकाई में नवीन सिंह बने कार्यकारी अध्यक्ष, एक माह में होंगे चुनाव

Share

- Advertisement -

Kangra News: संयुक्त ग्रामीण राजस्व अधिकारी (पटवारी एवं कानूनगो) एसोसिएशन हिमाचल प्रदेश ने कांगड़ा जिला इकाई में बड़ा संगठनात्मक बदलाव किया है। नगरोटा तहसील के ग्राम राजस्व अधिकारी नवीन सिंह राणौत को कार्यकारी जिला अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। वे आगामी चुनाव होने तक इस महत्वपूर्ण पद की जिम्मेदारी संभालेंगे।

पूर्व जिला अध्यक्ष विचित्र सिंह के नायब तहसीलदार पद पर प्रमोट होने के बाद यह पद खाली हुआ था। एसोसिएशन के राज्य अध्यक्ष राजनेश शर्मा और राज्य महासचिव अनमोल ठाकुर ने सोमवार को आधिकारिक आदेश जारी किए। संगठन के कामकाज में निरंतरता बनाए रखने के लिए नवीन सिंह को यह दायित्व सौंपा गया है।

जारी आदेश के तहत कांगड़ा जिला कार्यकारिणी के चुनाव एक माह के भीतर कराने के निर्देश दिए गए हैं। कार्यकारी जिला अध्यक्ष संगठन के पदाधिकारियों और सदस्यों से विचार-विमर्श करके चुनाव की तारीख, स्थान और अन्य जरूरी व्यवस्थाएं तय करेंगे। इसके बाद नई निर्वाचित टीम को जिम्मेदारी सौंप दी जाएगी।

चुनाव प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी और निष्पक्ष बनाने के लिए राज्य इकाई ने वरिष्ठ उपाध्यक्ष अच्छर राम और ऋषभ डोगरा को चुनाव पर्यवेक्षक नियुक्त किया है। दोनों पर्यवेक्षक संगठन के संविधान के अनुसार पूरी प्रक्रिया की निगरानी करेंगे। चुनाव संपन्न होते ही नई कार्यकारिणी की पूरी रिपोर्ट राज्य मुख्यालय भेजी जाएगी।

कार्यकारी जिला अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी मिलने पर नवीन सिंह राणौत ने राज्य नेतृत्व का आभार जताया। उन्होंने कहा कि एसोसिएशन ने उन पर जो भरोसा जताया है, वह उसका पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निर्वहन करेंगे। वे जिले के सभी साथियों को साथ लेकर संगठन को और अधिक मजबूत बनाएंगे।

Right News Desk
Right News Desk
लॉ और पत्रकारिता स्नातक, पत्रकारिता में 11 वर्ष का अनुभव

Read more

Related News