Shimla News: हिमाचल प्रदेश में सरकारी नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर है। राज्य सरकार ने हाईकोर्ट में बताया कि विभिन्न विभागों में 1,07,466 पद खाली पड़े हैं। कुल 3,36,542 स्वीकृत पदों में से 2,28,891 पदों पर नियमित कर्मचारी काम कर रहे हैं।
सरकार ने अदालत को बताया कि वर्तमान में 14,619 कर्मचारी विभिन्न विभागों में आउटसोर्स के जरिए कार्यरत हैं। इसके साथ ही सरकार ने कहा कि 1 जनवरी 2023 से भर्तियों में तेजी आई है। पिछले साढ़े तीन सालों में भर्ती नियमों के तहत 10,989 पद भरे गए हैं।
इसके अलावा हिमाचल प्रदेश लोक सेवा आयोग और राज्य चयन आयोग ने 12,004 पदों पर नियुक्तियां की हैं। आउटसोर्स भर्ती से जुड़ी याचिका पर सुनवाई करते हुए हाईकोर्ट ने यह आंकड़े देखे। इस दौरान कोर्ट ने 60 स्टाफ नर्सों की आउटसोर्स भर्ती के टेंडर पर कड़े सवाल उठाए।
हाईकोर्ट ने टेंडर प्रक्रिया में पारदर्शिता की कमी पर गहरी चिंता जताई है। अदालत ने कहा कि रिकॉर्ड में अन्य कंपनियों को बाहर करने का कोई स्पष्ट कारण नहीं दिखा। कोर्ट ने सरकार के वकील को टेंडर प्रक्रिया पर अतिरिक्त हलफनामा दाखिल कर स्थिति स्पष्ट करने का आदेश दिया।