Himachal News: हिमाचल प्रदेश में एडवोकेट टीपू खान को राज्य वक्फ बोर्ड का सदस्य नियुक्त किया गया है। रविवार को अपनी इस नियुक्ति पर उन्होंने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष नासिर मोहम्मद रावत के प्रति आभार व्यक्त किया।
नई जिम्मेदारी मिलने के बाद एडवोकेट टीपू खान ने कहा कि वे इस पद की गरिमा को बनाए रखते हुए समाज और बोर्ड के हित में पूरी निष्ठा से कार्य करेंगे। इस नियुक्ति को लेकर उनके समर्थकों और स्थानीय नेताओं में भी उत्साह का माहौल देखने को मिला।
कई नेताओं ने दी शुभकामनाएं
एडवोकेट टीपू खान को वक्फ बोर्ड का सदस्य बनाए जाने पर विभिन्न नेताओं ने उन्हें बधाई दी है। शुभकामनाएं देने वालों में पूर्व एनएसयूआई (NSUI) उपाध्यक्ष राकेश गर्ग, पूर्व एनएसयूआई महासचिव अरविंद जमवाल, जिला परिषद सदस्य विवेक पधेडिया और पूर्व बीडीसी (BDC) चेयरमैन सुरिंदर शर्मा प्रमुख रूप से शामिल रहे। सभी नेताओं ने उनकी नियुक्ति पर खुशी जाहिर करते हुए उम्मीद जताई कि वे अपने नए कार्यकाल में पूरी जिम्मेदारी और समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करेंगे।