Sundernagar News: हिमाचल प्रदेश के औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों में प्रवेश से वंचित रहे युवाओं के लिए राहत भरी खबर है। खाली सीटों को भरने के लिए स्पॉट राउंड एडमिशन की अंतिम तारीख 22 सितंबर तक बढ़ा दी गई है। तकनीकी शिक्षा निदेशालय सुंदरनगर ने एनसीवीटी के निर्देशों के तहत यह फैसला लिया है।
पोर्टल पर ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन और व्यक्तिगत उपस्थिति जरूरी
निदेशालय के अनुसार स्पॉट राउंड में शामिल होने के लिए एडमिशन पोर्टल पर पंजीकरण अनिवार्य रहेगा। पहले से पंजीकृत और नए अभ्यर्थियों को आवेदन पत्र का प्रिंटआउट निकालना होगा। इसके बाद जरूरी शैक्षणिक दस्तावेज और फोटो पहचान पत्र लेकर संबंधित आईटीआई संस्थान में तय समय पर व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होना होगा।
प्रवेश के इच्छुक छात्रों को हर दिन सुबह 10:00 से दोपहर 12:30 बजे के बीच संस्थान पहुंचना होगा। जमा आवेदनों के आधार पर संस्थान उसी दिन दोपहर बाद मेरिट लिस्ट जारी करेगा। पिछले दिन की मेरिट अगले दिन मान्य नहीं होगी। सीट मिलने पर छात्रों को तुरंत निर्धारित फीस और फंड जमा कराने होंगे।
पहले से दाखिल छात्रों को नहीं मिलेगा ट्रेड बदलने का विकल्प
संस्थानों में खाली सीटों का ब्योरा व्यक्तिगत रूप से या टेलीफोन पर संपर्क करके लिया जा सकता है। विभाग ने साफ किया है कि इस स्पॉट राउंड में केवल वही युवा भाग ले सकते हैं, जिन्हें 2026 सत्र में कहीं भी दाखिला नहीं मिला है। पहले से प्रवेश ले चुके छात्रों को ट्रेड या संस्थान बदलने की अनुमति नहीं होगी।