हिमाचल प्रदेश में सुखी परिवार योजना लागू होने से बीपीएल सूची पर नहीं पड़ेगा असर, विभाग ने दूर किया भ्रम

Share

- Advertisement -

Shimla News: हिमाचल प्रदेश में ‘मुख्यमंत्री अपना परिवार सुखी परिवार योजना’ के लागू होने के बाद बीपीएल सूची को लेकर बना भ्रम अब दूर हो गया है। ग्रामीण विकास विभाग ने साफ कर दिया है कि इस योजना के कारण मौजूदा बीपीएल सूची में कोई बदलाव नहीं होगा।

विभाग के अनुसार नई योजना को पूरी तरह से अलग व्यवस्था के तहत चलाया जाएगा। ग्रामीण विकास विभाग के निदेशक राघव शर्मा ने योजना से जुड़े अधिकारियों को इस संबंध में नए निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि बीपीएल सूची में पहले से शामिल परिवारों की स्थिति वैसी ही रहेगी।

निर्देशों के मुताबिक 19 मार्च 2025 से शुरू की गई पहचान प्रक्रिया के आधार पर बनी बीपीएल सूची को बदलने का आधार नहीं माना जाएगा। भविष्य में किसी भी परिवार को बीपीएल सूची में जोड़ने या हटाने का अंतिम निर्णय ग्राम सभा विभागीय नियमों और तय प्रक्रिया के आधार पर ही लेगी।

विभागीय प्रक्रिया के तहत पहचान कार्य के पहले से आठवें चरण में चुने गए परिवारों को योजना से जोड़ा जाएगा। साथ ही 21 अगस्त के निर्देशों के अनुसार अंतिम चरण में पात्र पाए गए परिवारों को भी शामिल करेंगे। सत्यापन पूरा होने के बाद पात्र परिवारों का डाटाबेस तैयार करके लाभ दिया जाएगा।

ग्रामीण विकास विभाग के निदेशक राघव शर्मा ने सभी संबंधित अधिकारियों को नए निर्देशों का सख्ती से पालन करने को कहा है। उन्होंने 19 मार्च 2025 और उसके बाद जारी सभी पत्रों को नए फैसले के अनुसार संशोधित मानने के आदेश दिए हैं। बीपीएल सूची के लिए अलग प्रक्रिया नहीं बनेगी।

यह नया आदेश सभी जिला अधिकारियों, एसडीएम, जिला विकास अधिकारियों और खंड विकास अधिकारियों को भेज दिया गया है। कांगड़ा के जिला पंचायत अधिकारी सचिन ठाकुर ने भी निदेशालय से निर्देश मिलने की पुष्टि की है। सभी कर्मचारियों को इन संशोधित नियमों से अवगत कराने के निर्देश दिए गए हैं।

Mohit
Mohit
पत्रकारिता के क्षेत्र में 9 सालों का अनुभव।

Read more

Related News