हमीरपुर में शादी वाले घर और दो दुकानों में बड़ी चोरी, लाखों के गहने और नकदी ले उड़े चोर

Share

- Advertisement -

Hamirpur News: हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले के बिझड़ी बाजार में चोरों ने एक घर और दो दुकानों को निशाना बनाते हुए बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। शादी वाले घर से चोरों ने करीब 30 तोले सोना और आधा किलो चांदी के आभूषण चुरा लिए, जबकि दो दुकानों से नकदी और नोटों के हार चोरी हुए हैं।

हमीरपुर जिले के बिझड़ी बाजार में चोरों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं। महज 50 से 60 मीटर के दायरे में चोरों ने दो दुकानों और एक घर के ताले तोड़कर लाखों रुपये के सामान पर हाथ साफ कर दिया। जिस घर में चोरी हुई, वहां 20 दिन बाद बेटी की शादी है और परिवार शादी की खरीदारी के सिलसिले में चंडीगढ़ गया हुआ था। चोरों ने घर के अंदर बैठकर आराम से शराब पी और स्नैक्स खाए, जिसके बाद अलमारी में रखे नए और पुश्तैनी गहने चुरा कर फरार हो गए।

दुकानों में भी हुई नकदी की चोरी

चोरों ने सबसे पहले बाजार में देशराज और रवि पटियाल की दुकानों के ताले तोड़े। देशराज की दुकान से करीब 50 हजार रुपये के नोटों के हार और नकदी चोरी हुई, जबकि रवि की दुकान से पांच हजार रुपये चुराए गए। इसके बाद चोरों ने कुछ ही दूरी पर स्थित सुरजीत सिंह के घर को निशाना बनाया। गृहस्वामी सुरजीत सिंह के अनुसार, घर से करीब 30 तोले सोने और आधा किलो चांदी के आभूषण चोरी हुए हैं। घटना के बाद से पीड़ित परिवार सदमे में है।

पुलिस प्रशासन और व्यापारियों की प्रतिक्रिया

घटना की सूचना मिलने के बाद बड़सर के डीएसपी हरीश गुलेरिया पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने बड़सर थाने में मामला दर्ज कर आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं और जल्द ही आरोपियों को पकड़ने का आश्वासन दिया है।

इस घटना के बाद व्यापार मंडल बिझड़ी के प्रधान रणजीत और अन्य व्यापारियों ने पुलिस चौकी में स्टाफ बढ़ाने की मांग की है। व्यापारियों का कहना है कि क्षेत्र में गश्त बंद होने और पुलिसर्किमयों की कमी के कारण आपराधिक गतिविधियों में बढ़ोतरी हो रही है।

Mohit
Mohit
पत्रकारिता के क्षेत्र में 9 सालों का अनुभव।

Read more

Related News