Shimla News: हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने रामपुर के नोगली में बड़ी राहत दी है। उन्होंने कामगार कल्याण बोर्ड के जरिए 1,471 पंजीकृत श्रमिकों और उनके परिवारों को 5,78,81,725 रुपये की वित्तीय सहायता बांटी। उन्होंने कहा कि सरकार योजनाओं का लाभ पारदर्शी तरीके से पात्र लोगों तक पहुंचा रही है।
मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत विधवा, एकल और दिव्यांग महिलाओं को मकान बनाने के लिए 45.95 लाख रुपये दिए गए। वित्तीय सहायता का बड़ा हिस्सा बच्चों की पढ़ाई और शादी के लिए दिया गया। इसमें शिक्षा सहायता के तहत 968 लाभार्थियों को 2.74 करोड़ और विवाह सहायता में 359 लोगों को 1.83 करोड़ रुपये मिले।
हादसे में मृत्यु और अंतिम संस्कार के 21 मामलों में 54.20 लाख रुपये दिए गए। मातृत्व लाभ के 30 मामलों में 7.14 लाख और बालिका जन्म उपहार योजना में 15 परिवारों को 7.65 लाख रुपये मिले। इसके अलावा मानसिक दिव्यांग आश्रितों और दिव्यांग पेंशन के लाभार्थियों को भी आर्थिक मदद प्रदान की गई।
विभिन्न जिलों में भी वित्तीय मदद बांटी गई। कांगड़ा में 270 लाभार्थियों को 1.02 करोड़, हमीरपुर में 225 को 76.74 लाख, चंबा में 164 को 70.54 लाख, मंडी में 171 को 64.80 लाख और सिरमौर में 140 लाभार्थियों को 51.80 लाख रुपये दिए गए। किन्नौर, शिमला, बिलासपुर, ऊना, सोलन और कुल्लू में भी राशि बांटी गई।
मुख्यमंत्री ने इंदिरा गांधी सुख शिक्षा योजना के तहत 15 लाभार्थियों को आर्थिक सहायता प्रदान की। सुख आश्रय योजना में तीन लाभार्थियों को घर बनाने के लिए तीन-तीन लाख रुपये दिए गए। इस कार्यक्रम में नंदलाल, विकेश चौहान, किशोरी लाल, बुद्धि सिंह ठाकुर, नरदेव सिंह कंवर, देवेंद्र श्याम, परस राम और लालचंद शर्मा उपस्थित रहे।