हिमाचल प्रदेश में आम आदमी पार्टी को झटका, मंडी साउथ के संगठन मंत्री पवन कुमार ने पद से दिया इस्तीफा

Share

- Advertisement -

Mandi News: हिमाचल प्रदेश में आम आदमी पार्टी के भीतर आंतरिक कलह खुलकर सामने आ गई है। मंडी साउथ के संगठन मंत्री पवन कुमार ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने पार्टी के प्रदेश प्रभारी और जिला स्तरीय नेताओं पर साजिश रचने और दुष्प्रचार करने के गंभीर आरोप लगाए हैं।

पवन कुमार ने पार्टी के प्रदेश प्रभारी, जिला ऑब्जर्वर और संबंधित पदाधिकारियों को अपना त्यागपत्र भेजा है। उन्होंने बिना शर्त तत्काल प्रभाव से संगठन मंत्री पद छोड़ने की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि उनके खिलाफ लगातार दुष्प्रचार और चरित्र-हनन की साजिशें रची जा रही हैं, जिसे अब सहना संभव नहीं है।

प्रदेश प्रभारी और जिला नेताओं पर षड्यंत्र के आरोप

पवन कुमार ने प्रदेश प्रभारी रितुराज गोविंद झा, जिला ऑब्जर्वर कैप्टन प्रशांत शर्मा और जिला अध्यक्ष उमेश गौतम पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या पार्टी पदाधिकारी अपने ही समर्पित नेताओं के खिलाफ षड्यंत्र रचेंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि पार्टी की मूल भावना की जगह अब गुटबाजी ने ले ली है।

त्यागपत्र में उन्होंने स्पष्ट किया कि वह पार्टी स्थापना के समय से जुड़े हैं और आगे भी सिद्धांतों पर अडिग रहेंगे। वह केवल पद छोड़ रहे हैं, लेकिन पार्टी के सदस्य बने रहेंगे। उनका कहना है कि संगठन के भीतर और बाहर स्वार्थी तथा षड्यंत्रकारी तत्वों के खिलाफ उनका संघर्ष निरंतर जारी रहेगा।

उन्होंने यह भी कहा कि कुछ लोग उनकी लोकप्रियता और जनसमर्थन से बौखला गए हैं। जनता की आवाज को साजिशों के जरिए दबाया नहीं जा सकता है। उन्होंने अपने पत्र के अंत में ‘इंकलाब जिंदाबाद’ और ‘जय देवभूमि मंडी’ के नारों के साथ आगे भी अपना संघर्ष जारी रखने का संकल्प दोहराया।

Right News Desk
Right News Desk
लॉ और पत्रकारिता स्नातक, पत्रकारिता में 11 वर्ष का अनुभव

Read more

Related News