Mandi News: हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के नगवाईं स्थित एक होटल में रविवार सुबह दो गुटों के बीच खूनी संघर्ष हो गया। रोधक की इस वारदात में लोहे की रॉड से हमले में एक युवक गंभीर रूप से घायल हुआ। औट थाना पुलिस ने औट नाका लगाकर फरार हो रहे हरियाणा निवासी सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार सुबह 9:15 बजे नगवाईं के एक स्थानीय निवासी ने औट थाना पुलिस को घटना की जानकारी दी। पुलिस को आते देखकर आरोपी वाहन में सवार होकर कुल्लू की ओर भाग निकले। लेकिन पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए नाकाबंदी की और सभी सात हमलावरों को धर दबोचा।
हमले में गंभीर रूप से घायल रवि (पुत्र अजमेर, निवासी निंदाना, रोहतक) नगवाईं में लीज पर होटल चलाता है। उसे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नगवाईं से जोनल अस्पताल कुल्लू और फिर गंभीर हालत में एम्स बिलासपुर रेफर किया गया। पुलिस ने हमले में इस्तेमाल किए गए हथियार बरामद कर औट थाने में प्राथमिकी दर्ज की।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अनित, प्रदीप, मनजीत, जगदीप, अंकित, मोनित और अजय के रूप में की है। ये सभी हरियाणा के रोहतक जिले के निवासी हैं। पुलिस जांच में जुटी है कि आखिर विवाद किस बात को लेकर शुरू हुआ। शुरुआती जांच में मामला पुरानी रंजिश से जुड़ा बताया जा रहा है।
पुलिस होटल के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और घटना के समय मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर रही है। आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड भी खंगाला जा रहा है। एसपी विनोद कुमार ने बताया कि सातों आरोपियों को सोमवार को अदालत में पेश किया जाएगा और मामले की गहन जांच जारी है।