शिमला के संजौली में दिखा मिनी बिहार: आस्था के सैलाब के साथ संपन्न हुआ छठ महापर्व, उमड़ी भारी भीड़

Share

- Advertisement -

Shimla News: राजधानी शिमला के संजौली में छठ महापर्व के अवसर पर आस्था का ऐसा सैलाब उमड़ा कि बावड़ी के पास का पूरा क्षेत्र मिनी बिहार में तब्दील नजर आया। उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ ही 36 घंटे का कठिन निर्जला व्रत संपन्न हो गया और श्रद्धालुओं ने पारंपरिक उल्लास के साथ पर्व मनाया।

संजौली में दिखा आस्था और संस्कृति का अनूठा संगम

छठी मैया के जयकारों, पारंपरिक गीतों और सूर्य उपासना के बीच बिहार मूल के श्रद्धालुओं ने पूरी श्रद्धा के साथ महापर्व में हिस्सा लिया। बावड़ी के पास सुबह 5 बजे से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटनी शुरू हो गई थी। हाथों में पूजा की टोकरी, फल, ठेकुआ और अन्य पारंपरिक प्रसाद लेकर महिलाएं और पुरुष सूर्य देव की आराधना में लीन दिखे। पहाड़ों की रानी शिमला में बसे प्रवासियों ने अपनी संस्कृति और जड़ों से जुड़ाव की एक खूबसूरत मिसाल पेश की।

व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने की उठी मांग

पिछले 15 वर्षों से संजौली में छठ पर्व मना रहे दरभंगा निवासी भैरव गुप्ता ने बताया कि हर साल श्रद्धालुओं की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है, जिसके अनुरूप सुविधाएं कम पड़ जाती हैं। बावड़ी के आसपास जगह की कमी और भारी भीड़ के कारण पूजा-अर्चना में कुछ दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने और अन्य स्थानीय श्रद्धालुओं ने प्रशासन से मांग की है कि भविष्य में पूजा स्थल पर साफ-सफाई, जगह और अन्य जरूरी बुनियादी सुविधाओं का बेहतर प्रबंध किया जाए, ताकि व्रतियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

Mohit
Mohit
पत्रकारिता के क्षेत्र में 9 सालों का अनुभव।

Read more

Related News