रामपुर के गौरा-मशनु मार्ग पर दर्दनाक सड़क हादसा, खाई में गिरी आल्टो कार; एक ही गांव के तीन लोगों की मौत

Share

- Advertisement -

Shimla News: हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले के उपमंडल रामपुर बुशहर में सोमवार तड़के एक भीषण सड़क हादसा पेश आया है। रामपुर से गौरा-मशनु सड़क मार्ग पर पशाड़ा कैंची के समीप सुबह करीब तीन बजे एक आल्टो कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के समय कार में पांच लोग सवार थे, जिनमें से तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त आल्टो कार (नंबर एचपी 92 0132) में सवार सभी लोग रामपुर तहसील के एक ही गांव के रहने वाले थे। हादसा इतना भयावह था कि कार के परखच्चे उड़ गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस व स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।

मृतकों और घायलों की हुई पहचान

पुलिस व प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार, हादसे में जान गंवाने वाले तीनों मृतकों की पहचान गांव जिगोचा, डाकघर खनेरी (तहसील रामपुर, जिला शिमला) निवासी रामानंद (55) पुत्र कालूराम, ओम प्रकाश (40) पुत्र मान दास और हरमेंद्र (37) पुत्र स्वर्गीय देवेंद्र के रूप में हुई है।

वहीं, इस दुर्घटना में गांव जिगोचा, डाकघर खनेरी निवासी राकेश (40) पुत्र कुंभ दास और रविंद्र (38) पुत्र स्वर्गीय देवेंद्र घायल हुए हैं। दोनों घायलों को तत्काल उपचार के लिए महात्मा गांधी सेवा चिकित्सा परिसर खनेरी पहुंचाया गया है, जहां चिकित्सकों की देखरेख में उनका इलाज चल रहा है। घायलों की हालत भी गंभीर बताई जा रही है।

दुर्घटना के कारणों की जांच जारी

फिलहाल दुर्घटना के सटीक कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस द्वारा मौके से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और मामले की आगामी जांच की जा रही है। एक ही गांव के तीन लोगों की असामयिक मृत्यु से पूरे खनेरी व जिगोचा क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News