Mandi News: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) को लेकर कांग्रेस पार्टी द्वारा फैलाए जा रहे भ्रम और राजनीतिक आरोपों का करारा जवाब देने के लिए चार नवंबर को मंडी में एक भव्य महापदयात्रा और जनसभा का आयोजन करेगी। इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम में हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे।
पड्डल मैदान से शुरू होगी महापदयात्रा
भाजपा प्रदेश प्रवक्ता एवं विधायक राकेश जम्वाल ने पार्टी के सभी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और समर्थकों से बड़ी संख्या में मंडी पहुंचने का आह्वान किया है। उन्होंने बताया कि महापदयात्रा का शुभारंभ मंडी के पड्डल मैदान में बनाए गए पंडाल ग्राउंड से होगा। यहां से यह यात्रा मुख्य बाजारों से गुजरते हुए सेरी मंच तक पहुंचेगी, जिसके बाद एक विशाल जनसभा का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है और इसकी सफलता के लिए संगठन स्तर पर तैयारियां तेजी से शुरू कर दी गई हैं।
मतदाता सूचियों के शुद्धिकरण पर जोर
राकेश जम्वाल ने कहा कि एसआईआर को लेकर कांग्रेस जिस तरह का भ्रम फैलाने और निराधार राजनीतिक आरोप लगाने का प्रयास कर रही है, भाजपा उसका ठोस तथ्यों के आधार पर जवाब देगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि मतदाता सूचियों का शुद्धिकरण, पारदर्शिता और पात्र मतदाताओं के अधिकारों की सुरक्षा एक निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया के लिए बेहद जरूरी है।
इस महापदयात्रा और जनसभा की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए भाजपा जिला अध्यक्ष निहाल चंद की अध्यक्षता में एक विशेष बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला प्रभारी एवं पूर्व मंत्री सुरेश भारद्वाज, विधायक इंद्र सिंह गांधी, पूर्ण ठाकुर, प्रदेश महामंत्री पायल वैद्य, सचिव प्रियंता शर्मा, प्रवक्ता पंकज जंवाल और मंडी की महापौर सुमन ठाकुर सहित पार्टी के विभिन्न प्रमुख पदाधिकारी उपस्थित रहे। राकेश जम्वाल ने सभी मंडल अध्यक्षों और कार्यकर्ताओं से चार नवंबर को मंडी पहुंचकर इस आयोजन को सफल बनाने की अपील की है।