Nellore News: बंगाल की खाड़ी में बना गंभीर चक्रवाती तूफान ‘मुरासु’ आंध्र प्रदेश तट के करीब पहुंच गया है। मौसम विभाग के अनुसार, तूफान के नेल्लोर और नरसापुर के बीच तट पार करने का अनुमान है। इस दौरान 100 से 120 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और कई इलाकों में भारी बारिश होने की चेतावनी जारी की गई है।
बंगाल की खाड़ी में सक्रिय गंभीर चक्रवाती तूफान ‘मुरासु’ तेजी से पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ते हुए आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों के बिल्कुल नजदीक आ गया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, यह चक्रवात गंभीर तूफान के रूप में दक्षिण आंध्र प्रदेश के तट को पार करेगा।
तट से टकराने के दौरान 100 से 110 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से तूफानी हवाएं चलने की आशंका है, जबकि हवा के झोंकों की रफ्तार 120 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। इसके साथ ही तटीय और नजदीकी इलाकों में तेज से बहुत तेज बारिश का अनुमान जताया गया है।
आंध्र प्रदेश के तट से महज 160 किलोमीटर दूर है केंद्र
मौसम विभाग के अनुसार, तूफान सोमवार सुबह पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी में 14.1 डिग्री उत्तरी अक्षांश और 81.4 डिग्री पूर्वी देशांतर पर केंद्रित था। पिछले छह घंटों के दौरान यह चक्रवात 22 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से पश्चिम-उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ा है।
वर्तमान में तूफान का केंद्र आंध्र प्रदेश के नेल्लोर से लगभग 160 किलोमीटर दक्षिण-पूर्व, कवाली से 180 किलोमीटर दक्षिण-पूर्व, ओंगोल से 210 किलोमीटर दक्षिण-पूर्व और मछलीपट्टनम से 240 किलोमीटर दक्षिण में स्थित है। वहीं, तमिलनाडु की राजधानी चेन्नई से इसकी दूरी उत्तर-पूर्व दिशा में लगभग 180 किलोमीटर दर्ज की गई है।
लैंडफॉल का समय और संभावित प्रभाव
मौसम विज्ञान विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, तूफान सोमवार देर रात 11:30 बजे से मंगलवार तड़के 4:00 बजे के बीच दक्षिण आंध्र प्रदेश के नेल्लोर और नरसापुर के मध्य, ओंगोल के दक्षिण में तट से टकरा सकता है। लैंडफॉल की प्रक्रिया के दौरान समुद्र में ऊंची लहरें उठने और तटीय क्षेत्रों में भारी तबाही की आशंका को देखते हुए सतर्कता बरती जा रही है।
गौरतलब है कि इससे पहले आए चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ के कारण आंध्र प्रदेश, ओडिशा और पश्चिम बंगाल में भारी नुकसान हुआ था, जिसका असर बिहार, झारखंड और उत्तर प्रदेश के मौसम पर भी देखा गया था। अब मुरासु के खतरे को देखते हुए प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है।