Mumbai News: बॉलीवुड के जाने-माने फिल्ममेकर संजय गुप्ता के अचानक निधन से फिल्म जगत में शोक की लहर है। अभिनेता अमिताभ बच्चन ने अपने आधिकारिक ब्लॉग पर एक बेहद भावुक पोस्ट लिखकर अपने साथी कलाकार को खोने पर गहरा दुख व्यक्त किया है।
हिंदी सिनेमा के जाने-माने फिल्म निर्देशक और लेखक संजय गुप्ता का शुक्रवार देर रात आकस्मिक निधन हो गया। उनके इस तरह अचानक चले जाने से पूरी फिल्म इंडस्ट्री स्तब्ध है और कई प्रमुख सितारों ने सोशल मीडिया के माध्यम से अपनी संवेदनाएं व्यक्त की हैं। इसी कड़ी में बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन ने अपने आधिकारिक ब्लॉग के जरिए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
‘कला का पुजारी इतनी कम उम्र में चला गया’: अमिताभ बच्चन
अमिताभ बच्चन ने अपने पोस्ट में सीधे तौर पर नाम लिए बिना बेहद भावनात्मक पंक्तियों के जरिए अपने सहयोगी को याद किया। उन्होंने लिखा, “एक दोस्त, एक साथी कलाकार और कला का पुजारी, इतनी कम उम्र में चला गया। समझ में ही नहीं आ रहा कि ये सब कैसे हो रहा है।”
अपने व्यक्तिगत विचारों और पीड़ा को साझा करते हुए बिग बी ने आगे लिखा, “छिन रहे हैं अपने दिलों से, हमारे जगत के सब साथी; क्या दोष किया है इन्होंने, जो दशा कहलाती। कहते हैं लोग की सौर मंडल के प्रबल नीच हो गए हैं, सारे एक साथ। अब तो दया करो, जो बरसते हैं हमपर, ‘है ये भी कोई बात…’ अपने अपने घरों में शीघ्र अलग होकर बैठें, {सौर मंडल के प्लेनेट} जरा अलग बैठ के हम सब को भी तो ऐंठाना बंद करें।”
सुरक्षा को लेकर अतिरिक्त सतर्कता बरत रहे हैं बिग बी
अमिताभ बच्चन अपने सोशल मीडिया हैंडल और ब्लॉग पर नियमित रूप से अपने विचार साझा करते रहते हैं। वह प्रत्येक रविवार को अपने मुंबई स्थित आवास ‘जलसा’ के बाहर प्रशंसकों से मिलने की पुरानी परंपरा का निर्वहन भी करते हैं।
हालिया घटनाक्रमों के बाद सुरक्षा को लेकर बिग बी अतिरिक्त सतर्कता बरत रहे हैं। बीते रविवार को उन्होंने अपने आवास के बाहर लगे बुलेटप्रूफ ग्लास के पीछे से ही उपस्थित प्रशंसकों का अभिवादन स्वीकार किया। फिल्ममेकर के निधन और इंडस्ट्री में लगातार आ रही दुखद खबरों के बीच अभिनेता का यह ब्लॉग पोस्ट सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है।