Hamirpur News: हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिला के तहत आने वाले लाहलड़ी क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया है, जहां तेज रफ्तार टिप्पर और स्कूटी की टक्कर में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दूसरा व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया है। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और सड़क मार्ग पर लंबा जाम लग गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है।
ओवरटेक के दौरान हुआ हादसा, टिप्पर भी पलटा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह हादसा सोमवार शाम करीब साढ़े पांच बजे हुआ। लाहलड़ी के पास एक टिप्पर ने ओवरटेक करने की कोशिश के दौरान स्कूटी को टक्कर मार दी, जिससे स्कूटी अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पैराफिट से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि इसके बाद टिप्पर भी सड़क पर पलट गया। हादसे के कारण मुख्य मार्ग पर यातायात बाधित हो गया और वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
मृतक की हुई पहचान, घायल अस्पताल में भर्ती
हादसे में जान गंवाने वाले व्यक्ति की पहचान 52 वर्षीय कमलदेव, निवासी लगदेवी के रूप में हुई है। वहीं, स्कूटी पर सवार दूसरा व्यक्ति (उम्र करीब 49 वर्ष) निवासी दोसड़का, हमीरपुर घायल हुआ है। घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से दोनों घायलों को एम्बुलेंस के जरिए मेडिकल कॉलेज हमीरपुर पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद कमलदेव को मृत घोषित कर दिया।
हमीरपुर के पुलिस अधीक्षक बलबीर सिंह ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने मौके पर स्थिति को नियंत्रित कर लिया है और दुर्घटना के असल कारणों की बारीकी से जांच की जा रही है।