Bilaspur News: शक्तिपीठ श्री नयनादेवी में सावन महीने के चलते श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। इसी बीच दर्शन करके पंजाब लौट रहे श्रद्धालुओं की एक इनोवा कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। हालांकि गनीमत यह रही कि गाड़ी में सवार सभी छह श्रद्धालु पूरी तरह सुरक्षित हैं और उन्हें मामूली चोटें आई हैं।
टूटी सड़क के कारण अनियंत्रित होकर खाई में गिरी कार
पंजाब से आए श्रद्धालु माता नयनादेवी के दर्शन और पूजा-अर्चना के बाद वापस लौट रहे थे। रात के समय जब उनकी इनोवा कार बड़े मोड़ के पास पहुंची, तो सड़क का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त होने के कारण ड्राइवर का संतुलन बिगड़ गया। गाड़ी अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी, जिससे वाहन को भारी नुकसान पहुंचा है।
हादसे की जोरदार आवाज सुनकर आसपास मौजूद स्थानीय लोग और अन्य श्रद्धालु तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने मुस्तैदी दिखाते हुए राहत कार्य शुरू किया और कड़ी मशक्कत के बाद सभी श्रद्धालुओं को सकुशल बाहर निकाला। बाद में क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त कार को खाई से बाहर निकाला जा सका।
स्थानीय निवासियों ने उठाई जर्जर सड़क की मरम्मत की मांग
श्रावण मास में श्री नयनादेवी मंदिर मार्ग पर रोजाना हजारों गाड़ियों की आवाजाही रहती है। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि बड़े मोड़ के पास टूटी सड़क को तुरंत ठीक किया जाए। उन्होंने कहा कि सड़क की मरम्मत होने से यहां से गुजरने वाले श्रद्धालुओं और चालकों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सकेगी।