Bilaspur News: जिला बिलासपुर के भराड़ी थाना क्षेत्र में शादी के महज चार दिन बाद एक नवविवाहिता घर से संदिग्ध परिस्थितियों में गायब हो गई। परिजनों की जांच में घर से करीब 16 लाख रुपये के सोने-चांदी के गहने और 1.80 लाख रुपये की नकदी गायब मिली है। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले में शादी के कुछ ही दिनों बाद ठगी और आभूषण लेकर फरार होने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। भराड़ी थाना क्षेत्र के एक गांव में नवविवाहिता ससुराल से अचानक लापता हो गई। जब परिजनों ने घर में जांच-पड़ताल की, तो वहां रखे लाखों रुपये के जेवरात और नकदी गायब पाकर उनके होश उड़ गए। इस घटना के बाद पीड़ित परिवार में हड़कंप मच गया और उन्होंने तुरंत पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई।
जानकारी के अनुसार, भराड़ी क्षेत्र के एक गांव के युवक ने बीते 31 अक्टूबर को हरियाणा के जगाधरी स्थित कोर्ट में यमुनानगर निवासी 22 वर्षीय युवती के साथ विवाह किया था। शादी की सभी रस्में पूरी होने के बाद युवती अपने ससुराल में पति और परिवार के साथ रह रही थी। परिवार में सब कुछ सामान्य चल रहा था, लेकिन शादी के चौथे दिन यानी 4 नवंबर को युवती अचानक घर से लापता हो गई।
16 लाख के जेवर और 1.80 लाख नकदी गायब
युवती के बिना बताए घर से जाने पर जब परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू की, तो घर की अलमारियों की भी जांच की गई। पीड़ित परिवार के अनुसार, घर से करीब 16 लाख रुपये मूल्य के सोने और चांदी के आभूषण तथा 1 लाख 80 हजार रुपये की नकदी गायब है। इसके बाद पीड़ित पक्ष तुरंत भराड़ी थाने पहुंचा और पूरे घटनाक्रम की जानकारी पुलिस को दी।
पुलिस ने शुरू की तलाश, सभी पहलुओं की जांच जारी
मामले की गंभीरता को देखते हुए भराड़ी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए केस दर्ज कर लिया है। उधर, एसपी बिलासपुर अभिषेक धीमान ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पीड़ित परिवार की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस टीम लापता युवती की तलाश में जुट गई है और पूरे मामले की विभिन्न पहलुओं से गहनता से जांच की जा रही है।