Bilaspur News: हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले के झंडूता उपमंडल अंतर्गत घराण पंचायत के खमेड़ाकलां गांव के रहने वाले 35 वर्षीय सेना के जवान संदीप कुमार को पूरे सैन्य सम्मान के साथ नम आंखों से अंतिम विदाई दी गई। अरुणाचल प्रदेश में ड्यूटी के दौरान अचानक तबीयत बिगड़ने से उनका निधन हो गया था, जिससे पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
ऑक्सीजन स्तर गिरने से हुआ था निधन
भारतीय सेना की ग्रेनेडियर्स रेजिमेंट में सेवारत 35 वर्षीय संदीप कुमार वर्तमान में अरुणाचल प्रदेश के एक दुर्गम क्षेत्र में तैनात थे। ड्यूटी के दौरान अचानक उनके शरीर में ऑक्सीजन का स्तर कम हो गया, जिसके चलते उन्हें सांस लेने में गंभीर परेशानी हुई। स्वास्थ्य बिगड़ने के कारण 10 नवंबर को उनका निधन हो गया। वे इसी साल जून में छुट्टी पर घर आए थे और करीब 45 दिन परिवार के साथ बिताने के बाद अगस्त में वापस अपनी ड्यूटी पर लौटे थे। संदीप कुमार 27 दिसंबर 2010 को सेना में भर्ती हुए थे और उनके बड़े भाई भी सेना में देश की सेवा कर रहे हैं।
मां का हौसला देख हर किसी की आंखें नम
बृहस्पतिवार सुबह जब जवान का पार्थिव शरीर उनके पैतृक गांव खमेड़ाकलां पहुंचा, तो वहां मौजूद हर शख्स की आंखें नम हो गईं। मां, पत्नी आरती और अन्य स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। हालांकि, इस दुख की घड़ी में भी जवान की मां ने अद्भुत हौसला दिखाया। पार्थिव शरीर के पास रो रहे अपने बड़े बेटे को ढांढस बंधाते हुए मां ने कहा, “आज नहीं रोऊंगी, मेरा शेर बेटा था, खुशी-खुशी विदा करूंगी, जय हिंद… आज शेर बेटे को विदा करना है, तुम भी नहीं रोना, किसी दिन अकेले बैठकर रो लेंगे।” मां के इस असीम साहस और जिगर के टुकड़े की तस्वीर को चूमकर दी गई अंतिम विदाई ने वहां मौजूद सभी लोगों को झकझोर कर रख दिया।
राजकीय और सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार
बृहस्पतिवार को दिवगंत जवान के पैतृक गांव में पूरे सैन्य सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया। भारतीय सेना के जवानों ने सशस्त्र सलामी देकर वीर जवान को अंतिम नमन किया। इस दौरान पूर्व सैनिक कल्याण समिति हिमाचल प्रदेश की ओर से भी पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई। अंतिम विदाई के अवसर पर झंडूता के विधायक जीतराम कटवाल, कांग्रेस महासचिव विवेक कुमार, एसडीएम झंडूता आर्शिया शर्मा और थाना तलाई के एसएचओ समेत क्षेत्र के कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।