Bilaspur News: हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले की जबली मुक्त कारागार में एनडीपीएस मामले में सजा काट रहे 27 वर्षीय कैदी ने बैरक के अंदर फंदा लगाकर जान दे दी। मृतक की पहचान हरियाणा के करनाल निवासी परवेश कुमार के रूप में हुई है। घटना के बाद जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया है और मामले की न्यायिक जांच शुरू कर दी गई है।
हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले में स्थित मुक्त कारागार (ओपन जेल) जबली में मादक पदार्थ अधिनियम (एनडीपीएस) मामले में सजा भुगत रहे एक कैदी द्वारा फंदा लगाकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। मृतक कैदी की पहचान 27 वर्षीय परवेश कुमार के रूप में हुई है, जो हरियाणा के करनाल जिले की मधुबन तहसील के गांव कम्बुपुरा का रहने वाला था। परवेश एनडीपीएस मामले में 10 मई 2025 से जेल में सजा काट रहा था।
बैरक के एंगल से बांधा था फंदा, एम्स में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
दीपावली के दिन जबली ओपन जेल में बंद परवेश कुमार ने अपनी बैरक के अंदर लगे लोहे के एंगल से अंगोछा बांधकर फंदा लगा लिया। घटना की भनक लगते ही जेल कर्मियों ने उसे तुरंत फंदे से नीचे उतारा और गंभीर हालत में उपचार के लिए अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) कोठीपुरा पहुंचाया। हालांकि, अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जेल के मुख्य वार्डर सुनील कुमार और वार्डर चमन लाल की मौजूदगी में शव का निरीक्षण किया। सोमवार को बिलासपुर अदालत के न्यायाधीश की देखरेख में शव का पोस्टमार्टम करवाया गया।
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल, न्यायिक जांच के आदेश
जेल की बैरक के भीतर हुई इस घटना ने कैदियों की निगरानी और जेल परिसर की आंतरिक सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए पूरे प्रकरण की न्यायिक जांच का जिम्मा बिलासपुर अदालत के न्यायाधीश को सौंपा गया है।
बिलासपुर के सहायक जेल अधीक्षक निशांत कुमार ने बताया कि कैदी परवेश की मृत्यु के सही कारणों का पता विस्तृत जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि पूरे मामले की जांच न्यायाधीश की प्रत्यक्ष देखरेख में नियमानुसार की जा रही है।