Bilaspur News: हिमाचल प्रदेश में कीरतपुर-नेरचौक-मनाली फोरलेन शुक्रवार से दो दिनों के लिए रोजाना 5 घंटे बंद रहेगा। बिलासपुर के डीसी ने सड़क पर जारी निर्माण कार्य के चलते यह फैसला लिया है। दोनों दिन सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक हाईवे पर यातायात पूरी तरह से ठप रहेगा।
एनएचएआई के अनुरोध पर लिया गया फैसला
नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया ने डीसी बिलासपुर से सड़क बंद करने की मांग की थी। प्रशासन ने कैंची मोड़ टनल-1 से मंडी-भराड़ी चौक तक गाड़ियों की आवाजाही पर रोक लगा दी है। अधिकारियों के मुताबिक यह निर्णय सड़क निर्माण कार्य को तेजी से पूरा करने के लिए लिया गया है।
24 और 25 जुलाई को रहेगा ट्रैफिक ब्लॉक
आदेश के मुताबिक 24 और 25 जुलाई को सुबह 11 से शाम 4 बजे तक सड़क ब्लॉक रहेगी। इस दौरान दिल्ली, चंडीगढ़, मनाली, मंडी और कुल्लू जाने वाले यात्री पुराने नेशनल हाईवे का इस्तेमाल कर सकते हैं। स्वारघाट वाले पुराने रूट से गाड़ियां आसानी से आ-जा सकेंगी।
मोटर वाहन अधिनियम के तहत जारी आदेश
डीसी राहुल कुमार ने बताया कि एनएचएआई प्रोजेक्ट डायरेक्टर और एसडीएम श्री नैना देवी जी की सिफारिश पर यह कदम उठाया गया है। प्रशासन ने मोटर वाहन अधिनियम 1988 की धारा 115 का इस्तेमाल किया है। हालांकि इस दौरान एम्बुलेंस, स्कूल बस और वीआईपी गाड़ियों को जाने की इजाजत रहेगी।
लैंडस्लाइड के कारण बंद करना पड़ा फोरलेन
बीती बारिश में मंडी भराड़ी पुल से टनल नंबर 1 तक कई स्थानों पर लैंडस्लाइड हुआ था। जगातखाना के पास भी मलबे की वजह से एक ही लेन चालू थी। मरम्मत काम पूरा करने के लिए सड़क बंद की गई है, जिससे यात्रियों को 3 घंटे का अतिरिक्त सफर तय करना पड़ेगा।